Murder In Raipur : पुरानी बस्ती इलाके में एक महिला की लाश बिस्तर में लहूलुहान पड़ी मिली। उसी कमरे में पति का शव फंदे पर लटकता मिला।
Murder In Raipur : पुरानी बस्ती इलाके में एक महिला की लाश बिस्तर में लहूलुहान पड़ी मिली। उसी कमरे में पति का शव फंदे पर लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलने पर पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। महिला के चेहरे पर रॉड से कई वार के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति के चरित्र पर पत्नी शक करती थी। इसके चलते पति द्वारा हत्या करके फंदे पर लटकने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक लाखेनगर निवासी नरेश (40) ठेला लगाता है। सोमवार को सुबह से उसका अपनी पत्नी मंजूषा (38) से झगड़ा हो रहा था। सुबह करीब 11 बजे उनका 15 साल का बेटा स्कूल चला गया। इस बीच दोपहर में पति-पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ। इस दौरान नरेश ने बिस्तर में मंजूषा के चेहरे पर कंबल ढंक दिया। इसके बाद उसके चेहरे और सिर पर लोहे के रॉड से कई वार किए। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने पंखे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रॉड के वार से पत्नी का चेहरा विकृत हो गया था।
बेटा पहुंचा, तो हुआ खुलासा
मृतक का बेटा शाम करीब 5 बजे स्कूल से घर पहुंचा। दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में उसके पिता का शव लटकते मिला और मां की लाश बिस्तर में पड़ी थी। उसका चेहरा कंबल से ढंका था। कमरे का दृश्य देखकर उसके मुंह से चीख निकल गई। वह दौड़कर बाहर निकला और घटना के बारे में उसने आसपास के लोगों को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव का पंचनामा किया गया।
घर में लगवा दिए थे कैमरे
पुलिस ने आसपास के लोगों के हवाले से बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। आसपास के लोगों से भी उनका झगड़ा होते रहता था। बताया जाता है कि पत्नी अपने पति के चरित्र पर शक करती थी। दोनों में इतना विवाद होता था कि घर के दरवाजे पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवा रखे थे। फिलहाल पुलिस घटना में अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाएगी।