रायपुर

IAS Sambit Mishra: रायपुर नगर निगम को मिला नया आयुक्त, 2018 बैच के IAS अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी

IAS Sambit Mishra: रायपुर नगर निगम में 2018 बैच के IAS अधिकारी संबित मिश्रा को नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे।
2 min read
May 08, 2026
रायपुर नगर निगम को मिला नया आयुक्त (photo source- Patrika)
रायपुर नगर निगम को मिला नया आयुक्त (photo source- Patrika)

IAS Sambit Mishra: रायपुर नगर निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति कर दी गई है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा अब नगर निगम की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे। प्रशासनिक हलकों में उनकी पहचान एक सक्रिय और तकनीक आधारित कार्यशैली वाले अधिकारी के रूप में मानी जाती है।

IAS Sambit Mishra: ओडिशा से ताल्लुक, यूपीएससी में हासिल की थी शानदार रैंक

संबित मिश्रा मूल रूप से भुवनेश्वर के रहने वाले हैं। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया 51वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, जबकि पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से प्राप्त की।

नगरीय प्रशासन से पंचायत तक का अनुभव

अपने प्रशासनिक करियर में संबित मिश्रा ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे रायगढ़ नगर निगम आयुक्त, जशपुर जिला पंचायत CEO और कोरबा जिला पंचायत CEO जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।

IAS Sambit Mishra: बीजापुर कलेक्टर रहते हुए बनी अलग पहचान

बीजापुर कलेक्टर के रूप में उनका कार्यकाल काफी चर्चा में रहा। नक्सल प्रभावित इलाकों में जाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद करना और मौके पर समस्याओं का समाधान निकालना उनकी खास पहचान बनी। दूरस्थ गांवों तक पैदल पहुंचकर लोगों से मुलाकात करने की उनकी तस्वीरें और कार्यशैली सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी थीं।

रायपुर नगर निगम में होंगी कई बड़ी चुनौतियां

अब रायपुर नगर निगम में संबित मिश्रा के सामने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारना, जलभराव की समस्या से निपटना, ट्रैफिक प्रबंधन, अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। इसके अलावा टैक्स वसूली बढ़ाना और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की गति तेज करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

IAS Sambit Mishra: फील्ड विजिट और डिजिटल मॉनिटरिंग पर रहेगा फोकस

माना जा रहा है कि संबित मिश्रा फील्ड विजिट और डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए निगम प्रशासन में तेजी और पारदर्शिता लाने की कोशिश करेंगे। उनकी नियुक्ति को रायपुर नगर निगम में प्रशासनिक सुधार और बेहतर मॉनिटरिंग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Published on:
08 May 2026 05:51 pm