
रायपुर . शिक्षाकर्मियों की हड़ताल के बाद पहली बार सरकार और शिक्षाकर्मियों के बीच गुरुवार को बैठक होगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संचालक तारण प्रसाद सिन्हा की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में शिक्षाकर्मी संघ से जुड़े विभिन्न प्रतिनिधिमंडल को बुलाया गया है। माना जा रहा है कि बैठक में शिक्षाकर्मियों की मांगों पर एक बार फिर विस्तार से चर्चा कर समस्याओं का हल निकालने का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षक पंचायत नगरीय निकाय मोर्चा के संयोजक वीरेन्द्र दुबे ने बताया कि बैठक दोपहर 12 बजे से मंत्रालय में होगी। इसमें वे शिक्षाकर्मियों से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से रखेंगे। इधर, अफसरों का कहना है कि सरकार ने शिक्षाकर्मियों से जुड़ी समस्याओं के लिए पहल शुरू कर दी है। बैठक में इसकी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
Read More : देखिए पर्यटन मंत्री जी, आपके क्षेत्र का 13 वीं शताब्दी का प्राचीन मंदिर सह रहा उपेक्षा का दंश
साथ ही कुछ समस्याओं को लेकर आने वाली तकनीकी दिक्कतों से भी उन्हें अवगत कराया जाएगा और उनके सलाह ली जाएगी। गौरतलब है कि अपर मुख्य सचिव एमके राउत के सेवानिवृत्ति होने के बाद पंचायत विभाग की कमान पूरी तरह बदल गई है। एेसे में बैठक औपचारिकत हो सकती है।
संजय शर्मा अब तक बहाल नहीं
शिक्षाकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान सरकार ने संघ के तमाम बड़े नेताओं को बर्खास्त कर दिया था। हालांकि हड़ताल के बाद उनकी बर्खास्तगी का आदेश वापस लेना शुरू हो गया है। लगभग सभी नेताओं की बर्खास्तगी रद्द हो गई है, लेकिन मोर्चा के प्रांतीय संयोजक संजय शर्मा की बर्खास्तगी का आदेश अब तक वापस नहीं हो सका है। इसे लेकर शिक्षाकर्मियों में भी नाराजगी है। माना जा रहा है कि बैठक में इस बात पर भी प्रमुखता से चर्चा होगी।