Businessman Passed Away: रायपुर के कारोबारी अजय सुंदर निहलानी का पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे 40 सदस्यीय भारतीय दल के साथ यूरोप के एजुकेशनल टूर पर गए थे।
Businessman Passed Away: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कारोबारी अजय सुंदर निहलानी (49) का पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हार्ट अटैक से निधन हो गया। इस खबर के सामने आते ही रायपुर में उनके परिवार, दोस्तों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि डॉक्यूमेंटेशन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर रायपुर लाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक अजय सुंदर निहलानी भारत के 40 सदस्यीय दल के साथ एजुकेशनल टूर पर यूरोप गए थे। इस दल में रायपुर से दो लोग शामिल थे। यात्रा के दौरान लिस्बन में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से उनके साथ यात्रा कर रहे लोग भी सदमे में हैं।
अजय निहलानी के भाई संजय कुमार निहलानी ने बताया कि टूर में उनके साथ मौजूद नीरज बाजपेयी पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर रहे हैं। नीरज बाजपेयी अस्पताल प्रशासन, स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द रायपुर लाया जा सके।
परिवार ने भारतीय दूतावास, स्थानीय प्रशासन, एयरलाइन प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित एजेंसियों से सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर पार्थिव शरीर को रायपुर लाने में मदद की जाए, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। परिवार इस कठिन समय में प्रशासनिक सहायता का इंतजार कर रहा है।
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पीएमओ इंडिया और संबंधित अधिकारियों को टैग करते हुए अजय सुंदर निहलानी के पार्थिव शरीर को भारत लाने में सहयोग की अपील की है। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं और लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
अजय निहलानी रायपुर के जाने-माने कारोबारी और सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्तित्व माने जाते थे। उनके निधन की खबर के बाद शहर के व्यापारिक और सामाजिक वर्ग में शोक का माहौल है। परिजन अब उनके पार्थिव शरीर के रायपुर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।