
बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वालों की बढ़ेगी कमाई (photo Patrika)
Board Exam: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने हाईस्कूल, हायर सेकंडरी सहित अन्य मुख्य परीक्षाओं में तैनात होने वाले परीक्षा अमले के मानदेय में बढ़ोतरी करने का आदेश जारी कर दिया है। परीक्षा व्यवस्था में शामिल केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, कक्ष पर्यवेक्षक, लिपिक और भृत्य को अब उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप पहले से अधिक मानदेय प्राप्त होगा। यह नई व्यवस्था आगामी परीक्षा सत्र 2026-27 से राज्यभर में प्रभावी हो जाएगी। यह संशोधित हाईस्कूल और हायर सेकंडरी के साथ ही शारीरिक परीक्षा उपाधि और डीएलएड की मुख्य एवं द्वितीय मुख्य परीक्षाओं के संचालन पर भी समान रूप से लागू होगा।
नई दर प्रणाली में केन्द्राध्यक्षों के मानदेय को परीक्षा केंद्र की छात्र संख्या के आधार पर दिया जाएगा। जिन परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या 500 तक सीमित होगी, वहां केन्द्राध्यक्ष को 180 रुपए प्रति परीक्षा दिवस दिए जाएंगे। वहीं, जिन केंद्रों में 500 से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत होंगे, वहां केन्द्राध्यक्ष को 200 रुपए प्रतिदिन तय की गई है। बड़े केंद्रों पर कार्यभार के संतुलन के लिए नियुक्त होने वाले सहायक केन्द्राध्यक्षों को 150 रुपए प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा।
परीक्षा हाल में अनुचित साधनों पर नजर रखने और शांतिपूर्ण ढंग से पर्चा संपन्न कराने वाले कक्ष पर्यवेक्षकों के मानदेय में भी सुधार किया गया है। अब उन्हें 75 रुपए प्रति पाली या दिवस के मान से भुगतान होगा। परीक्षा से संबंधित कागजी कार्रवाई, नामावली और उपस्थिति पत्रकों के संधारण में जुटने वाले लिपिकों को 60 रुपए प्रतिदिन मिलेंगे। भृत्यों का मानदेय 40 रुपए प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन एवं निगरानी कार्य के लिए 120 रुपए की राशि तय की गई है। वहीं, 200 तक परीक्षार्थियों पर 4 रुपए प्रति छात्र और 200 से अधिक संख्या होने पर 2 रुपए प्रति छात्र की दर से केंद्र व्यय प्रदान किया जाएगा।
Updated on:
31 Oct 2026, 10:35 AM IST
Published on:
31 Oct 2026, 10:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.