रायपुर

ये लोग सिर्फ अपनी जेब भरना चाहते हैं, सिंहदेव-बैज की लड़ाई पर मंत्री खुशवंत साहेब का तीखा बयान

Chhattisgarh Politics News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर टीएस सिंहदेव और दीपक बैज के बीच बयानबाजी तेज है। इस पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में विचारधारा नहीं, सिर्फ गुटबाजी और भ्रष्टाचार की राजनीति हो रही है।
3 min read
May 23, 2026
Chhattisgarh Politics
मंत्री खुशवंत साहेब का तंज (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर टीएस सिंहदेव और दीपक बैज के बीच चल रही बयानबाजी अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। इस मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में विचारधारा और सोच की कमी है, वहां सिर्फ गुटबाजी और कुर्सी की लड़ाई चल रही है।

Chhattisgarh Politics: ‘कांग्रेस में कई गुट, हर नेता अपनी राजनीति में व्यस्त’

मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस में आज कई गुट बन चुके हैं। कोई टीएस सिंहदेव गुट है, कोई दीपक बैज गुट, कोई भूपेश बघेल गुट है और न जाने कितने गुट सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में चुनाव के समय संगठन मजबूत करने के बजाय ‘कुर्सी तोड़ कार्यक्रम’ चलता है। यही वजह है कि पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है।

‘न विचारधारा, न कोई सोच’

खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से परिवारवाद की राजनीति करती आई है। जो पार्टी अपने परिवार और संगठन को नहीं संभाल पा रही, वह देश संभालने की बात करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ‘भारत जोड़ो’ की बात करती है, लेकिन पहले अपनी पार्टी को तो जोड़ ले। पार्टी के नेता आपस में ही संघर्ष कर रहे हैं, जिससे साफ है कि उनके पास कोई स्पष्ट विचारधारा या दिशा नहीं है।

‘सरकार में आकर सिर्फ जेब भरना चाहती है कांग्रेस’

भाजपा मंत्री ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का मकसद सिर्फ सत्ता में आकर अपनी जेब भरना है। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और इसी वजह से 2023 और 2024 के चुनावों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

सीएम साय के दिल्ली दौरे का किया बचाव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे को लेकर भी मंत्री खुशवंत साहेब ने विपक्ष को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली विकास और प्रदेश की उन्नति के लिए जाते हैं। प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृहमंत्री Amit Shah से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के लिए नई सौगातें लेकर आते हैं। कांग्रेस को इस पर सवाल उठाने के बजाय पहले अपने संगठन को संभालना चाहिए।

भाजपा का ‘सुशासन तिहार’ बनाम कांग्रेस की ‘गुटबाजी’

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा के घर-घर संपर्क अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘सुशासन तिहार’ पूरे प्रदेश में चल रहा है। जन चौपाल के जरिए पार्टी सीधे जनता से संवाद कर रही है और जनता सरकार के कामकाज से खुश है। वहीं कांग्रेस के ‘पिटाई’ वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को पहले ही कई चुनावों में ‘पिट’ चुकी है और 2028 में भी यही होगा।

Chhattisgarh Politics: पेट्रोल-डीजल कीमतों पर भी दिया जवाब

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर मंत्री ने कहा कि दुनिया के अन्य देशों में कीमतें किस तरह बढ़ रही हैं, इसकी तुलना भारत से करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कोशिश है कि जनता पर कम से कम बोझ पड़े, इसलिए कीमतों में सीमित बढ़ोतरी हो रही है। कांग्रेस को वैश्विक हालात और युद्ध की स्थिति को समझना चाहिए।

भाजपा प्रशिक्षण शिविर पर बोले मंत्री

भाजपा के प्रशिक्षण शिविर को लेकर मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जहां लगातार संगठनात्मक गतिविधियां होती रहती हैं। हर जिले में प्रशिक्षण शिविर लगाकर कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। कुल मिलाकर, कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी पर भाजपा ने इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया है और आने वाले दिनों में यह सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।

Updated on:
23 May 2026 02:15 pm
Published on:
23 May 2026 02:15 pm