
एटीएम के सर्वर में समस्या आने के बाद जिन इलाकों के एटीएम चालू रहे,वहां कैश एक दिन के भीतर खत्म हो चुका है। शहर के कई इलाकों में एटीएम खाली पड़े मिले।
समस्या की जानकारी नहीं
आश्चर्य की बात यह है कि इस मामले को लेकर बैंक प्रबंधन के आला अधिकारी भी अनजान है। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी समस्या की जानकारी नहीं है। ऑप्टिकल फाइबर केबल कटने के बाद एटीएम और मुख्य शाखा के सर्वर का संपर्क नहीं हो पाया। शहर में कई एटीएम जो वी-सेट के जरिए संचालित है, वहां एटीएम चालू मिला, लेकिन ग्राहकों की संख्या बढ़ने की वजह से यहां भी एटीएम खाली होने में वक्त नहीं लगा।
एटीएम में रुपए नहीं, राशि खाते से गायब
सर्वर में तकनीकी खराबी इस तरह हैं कि कई एटीएम में कैश बाहर नहीं निकला। लेकिन इसके बावजूद खाते से राशि कटने की जानकारी सामने आई है। टोल फ्री नंबर में फोन करने के दौरान भी नेटवर्क की समस्या आई।
लिंक फेल होने की वजह से ना सिर्फ एटीएम में बल्कि बैंकों के भीतर भी कामकाज प्रभावित हुआ। यहां लेन-देन, चेक क्लियरेंस, आरटीजीएस, नेटबैकिंग आदि कार्य प्रभावित हुए।
सरकारी और निजी बैंकों दोनों बैंकों के एटीएम में इस तरह की समस्या आई है। ऑप्टिकल फाइबर केबल का लिंक टावर से जुड़े होने की वजह से कई क्षेत्रों में वी-सेट ने भी काम करना बंद कर दिया।
वर्तमान में बैंक में ज्यादातर प्रबंधन ऑडिट कार्य में व्यस्त होने की वजह से भी खाली एटीएम में रुपए नहीं डाले जा रहे हैं। एटीएम में रुपए डालने वाली एजेंसी को बैंकों से ही कैश हासिल नहीं हो पा रहा है।
एसबीआइ के डीजीएम ब्रम्ह सिंह ने कहा कि नेटवर्क की खराबी को शीघ्र दूर कर लिया जाएगा। एटीएम में कैश की आपूर्ति के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं।