
रायपुर . नया रायपुर की सूनी सडक़ों पर रफ्तार की कहर में जिन परिवारों ने अपने मासूमों को खोया, उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर पाकर आंबेडकर अस्पताल पहुंचे बच्चों के माता-पिता रह-रहकर बेसुध हो जा रहे थे। दिवाली से पहले हुए दर्दनाक हादसे ने उनके परिवार की खुशियां छीन ली।
मृतक बच्चियों की मां से काफी देर तक सच्चाई छुपाई गई। वे रह-रहकर घायल बच्चों के बीच अपनी बच्चियों को तलाशतीं रहीं। थोड़ी देर बाद उन्हें हकीकत बताई गई तो वे बेसुध हो गईं। हादसे ने बच्चों के कोमल मन पर एेसा असर डाला था कि वे कुछ बोल नहीं पा रहे थे। घायल बच्चे कुनाल से जब एसएसपी ने नाम पूछा तो वह बता नहीं पा रहा था।
अधिकारी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग, पुलिस सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों व घायलों से मिले। एसएसपी अमरेश मिश्र, डीइओ एएन बंजारा, तहसीलदार आदि अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
एंबुलेंस में ही सहमे बैठे रहे तीन बच्चे
पहली कक्षा में पढऩे वाले कुनाल कुर्रे, ५वीं की छात्रा भव्या कुर्रे, ४थी की तमन्ना चौहान और २री की छात्रा काव्या महिलांगे (सभी माना कैंप निवासी) को दोपहर करीब १२.३० बजे एम्बुलेंस से आम्बेडकर अस्पताल लाया गया। इतने बड़े हादसे के बावजूद अस्पताल को अलर्ट नहीं किया गया था। मौजूद पुलिस जवानों ने बच्चों को गोद में उठाकर इमरजेंसी वार्ड की ओर दौड़ लगा दी। ३ बच्चे एम्बुलेंस में ही सहमे अकेले बैठे रहे। करीब एक घंटे बाद तीनों बच्चों को कैजुअल्टी में ले जाया गया, जहां से उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पहले भी हुए हैं हादसे
कयाबांधा चौक में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। दो साल पहले सिटीबस ने मारुति वैन को टक्कर मारी थी। उसमें सवार महिला और नवजात बच्चे की मौत हो गई थी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में आग लगा दी। पिछले दिनों एक तेज रफ्तार बस पलट गई थी। मंत्रालय के कर्मचारियों को ले जा रही बस भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है।
सिटी बस का ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस ने बीआरटीएस बस के ड्राइवर साजिद अली और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बस को भी जब्त कर लिया है। घटना में बस में सवार कर्मचारियों व अन्य लोगों को चोट नहीं आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के तीन बच्चे, एक की मौत
बस में मोहन लाल कुर्रे की दो बेटियां व एक बेटा सवार थे। मोहन चौथी बटालियन में नर्सिंग स्टाफ है। हादसे में बड़ी बेटी भाव्या और छोटे बेटे कुनाल को काफी चोटें आई है। मंझली बेटी एनी की मौत हो गई। मोहन और उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। एनी का अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम भटगांव में किया जाएगा। हवलदार धनीराम धु्रवा की एकलौती बेटी दुर्गेश्वरी की भी हादसे में मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को अटलनगर में बस दुर्घटना में केन्द्रीय विद्यालय के दो बच्चों सहित कंडक्टर की मृत्यु पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में घायल बच्चों को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। डॉ. सिंह ने लोगों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने जनजीवन की सुरक्षा के लिए पुलिस को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगतों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
रफ्तार पर लगाम नहीं, ड्राइवर की लापरवाही
अटल नगर का कयाबांधा चौक काफी चौड़ा है। वहां ट्रैफिक भी कम रहता है। ड्राइवर तेज रफ्तार से बस चलाते हैं। दोपहर के वक्त उसकी रफ्तार सामान्य से काफी अधिक थी। दूर से स्कूल बस को देखने के बावजूद ड्राइवर ने अपनी रफ्तार कम नहीं की और बस को टक्कर मारते हुए निकल गई।