10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

NH में आधी रात 10 लोगों ने गंवाई जान, मंदिर से घर लौटने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

NH में आधी रात 10 लोगों ने गंवाई जान, मंदिर से घर लौटने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Chandu Nirmalkar

•

Updated: 17 Oct 2018, 10:35 PM IST

Road accident

NH में आधी रात 10 लोगों ने गंवाई जान, मंदिर से घर लौटने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

रायपुर/महासमुंद/खरियार रोड. पड़ोसी राज्य ओडिशा में मंगलवार की रात ट्रक व बोलेरो की भिड़ंत में महासमुंद जिले के दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। बताया जाता है कि मृतक कोमना से देवी दर्शन कर सांकरा लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार की रात लगभग 2 बजे खरियार रोड से 7 किमी दूर ग्राम सिल्दा एवं नुआपाड़ा के बीच नेशनल हाईवे-353 पर यह हादसा हुआ। नुआपाड़ा पुलिस के अनुसार पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के महासमुंद के अंतर्गत सांकरा और बल्दीडीही 10 व्यक्ति बोलेरो क्रमांक सीजी 06 एल 0447 में सवार होकर कोमना से देवी दर्शन कर अपने घर सांकरा आ रहे थे। रात लगभग 1.50 पर राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर खरियार रोड की ओर से जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमए 7300 से बोलेरो टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में सवार 4 लोग दूर जा गिरे एवं अन्य छह लोग बोलेरो के भीतर ही फंस गए।

इस घटना में 6 पुरुष, एक महिला एवं दो बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। एक बच्ची जिसकी सांसें चल रही थी, उसे नुआपाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, पर उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की खबर मिलते ही नुआपाड़ा पुलिस एवं फायर फाइटर घटनास्थल पर पहुंचकर गैस कटर की सहायता से शवों को बोलेरो के बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। अगले दिन बुधवार की सुबह मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद शवों की शिनाख्त हो पाई।

इनकी हुई मौत
पुलिस ने बताया कि मृतकों में सांकरा भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरजीत सिंह छाबड़ा उर्फ पप्पू भाई(50), मीना पारेश्वर (15), घनश्याम नेताम(25), दिलेश्वरी नेताम(23) और बल्दीडीह के डॉ. दिनेश डड़सेना(41) एवं उनकी पत्नी चांदनी डड़सेना(35), पुत्री भारती डड़सेना(17), पुत्र धनंजय (15) एवं मेघनाथ निषाद (33), ग्राम अंशुला निवासी मुकेश अग्रवाल(23) शामिल हैं।

परिजनों के पहुंचने के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के क्रेडा अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा, ओडिशा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक बंसत पंडा, महासमुंद जिला भाजपाध्यक्ष इंद्रजीत सिह गोल्डी, बागबाहरा जनपद उपाध्यक्ष भेखलाल साहू, बसना नगर पंचायत अध्यक्ष सम्पत अग्रवाल आदि पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष गोली तिवारी वहां उपस्थित थे। जिन्होंने पुलिस को खबर करने के साथ-साथ शवों को बाहर निकालने एवं उन्हें जिला अस्पताल पहुंच जाने में काफी मदद की। सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर(एसडीपीओ) विद्युत पंडा ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच की घटना है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एक घायल को जिला अस्पताल भेजा गया।