
हसौद. छत्तीसगढ़ के जांजगीर चंपा जिले में एक ट्रेलर के चालक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हसौद ग्राम में हुए इस हादसे के बाद लोगों ने मुआवजा को लेकर चक्काजाम कर दिया। बाद में तहसीलदार के द्वारा मुआवजा देने की घोषणा करने पर दो घंटे के बाद लोगों का आक्रोष शांत हुआ और उन्होंने चक्काजाम खोला। दो घंटे चक्काजाम होने से मौके पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थीं।
हसौद पुलिस के अनुसार ग्राम परसदा निवासी साहेबलाल कुर्रे पिता तुलाराम कुर्रे (35) अपने किसी काम से बाइक सीजी 11 पीजेड ०666 से हसौद पहुंचा था। वह अपना काम निपटा कर वहां से वापस गांव जाने के लिए निकला था। वह जैसे ही हसौद से निकला कि तभी उसका अचानक संतुलन बिगड़ गया। इससे पीछे से आ रहे ट्रेलर सीजी 04 एलडी 7032 के चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
साहेबलाल बाइक सहित ट्रेलर की चपेट में आ गया और वह वाहन के पिछले चक्के में फंस गया। ट्रेलर चालक भी दुर्घटना से घबरा गया और ट्रेलर को आगे बढ़ाते हुए भागने की कोशिश की। इससे बाइक सवार चक्के के साथ घिसटा चला गया, और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक को जैसे ही किसी के चक्के में फंसे होने का अहसास हुआ, उसने ट्रेलर रोका और फरार हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेलर का पीछा किया, लेकिन चालक को नहीं पकड़ पाए। लोगों ने ट्रेलर को पीछे कराकर चक्के में दबे साहेबलाल को बाहर निकाला, लेकिन उसे बचा नहीं पाए। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी जीपी शुक्ला पहुंचे और लोगों को समझाया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे को लेकर अड़े रहे।
इस बात की सूचना तहसीलदार राहुल पांडेय को दी गई। तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। साथ ही वाहन मालिक से भी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इससे दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। ट्रेलर वरदान लौजिक पीवीटी कंपनी रायपुर का होना बताया जा रहा है।