
रायपुर . राजधानी के पुलिस लाइन में तैनात आरक्षक चंद्रशेखर जांगड़े ने अवैध संबंध के चलते एक महिला की हत्या कर दी। बाद में खुद भी उसने जहर खाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सेजबहार इलाके के ग्राम दतरेंगा से कुछ दूर मुंडरा रोड में रेखा उर्फ दीपा रजक (33) अपने तीन बच्चों के साथ रहती थी। उसका पति अनिल रजक करीब एक साल गायब है।
इस बीच पिछले दिसंबर माह में उसकी मुलाकात पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक चंद्रशेखर जांगड़े से हुई। रेखा और चंद्रशेखर के बीच प्रेमसंबंध स्थापित हो गए। पिछले कुछ दिनों से रेखा उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इससे चंद्रशेखर परेशान था।
रविवार को शाम करीब 4 बजे भी इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान चंद्रशेखर ने कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से रेखा के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद में चन्द्रशेखर ने खुद भी चूहा मारने की दवा खा ली। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया।
तीन बच्चे हुए अनाथ
मृतका रेखा की करीब 11 साल पहले शादी हुई थी। उसके कुछ दिन बाद वह पति से अलग रहने लगी। बाद में उसने अनिल रजक से दूसरी शादी कर ली और दतरेंगा में आकर रहने लगी। वर्तमान में उसके तीन बच्चे हैं। अनिल पिछले एक साल से गायब है। इस बीच चंद्रशेखर से उसके संबंध बन गए थे। चंद्रशेखर भी शादीशुदा है और उसका आठ माह का बेटा है।