रायपुर

अधूरे ऑडिटोरियम को देख भड़के मंत्री ने अफसरों को लगाई फटकार, बोले – 31 तक हर हाल में पूरा करो काम वरना…

पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में ऑडिटोरियम के निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री राजेश मूणत ने कार्य में विलंब को लेकर नाराजगी व्यक्त की।

2 min read
Oct 26, 2017
raipur medical college auditorium
Minister Rajesh Munat visit medical college auditorium

रायपुर . राजधानी के पं. जवाहरलाल नेहरू शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में 25 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे 1500 सीटर ऑडिटोरियम का निर्माण दो साल बाद भी पूरा नहीं किया जा सका है। 30 नवंबर को इसी ऑडिटोरियम में एनाटॉमी विभाग का सबसे बड़ा 65वां राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन मंत्री राजेश मूणत के निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि नए नहीं पुराने 450 सीटर ऑडिटोरियम में ही 1 दिसंबर को सेमिनार का उद्घाटन और 3 दिसंबर को इसका समापन किया जाएगा। ऑडिटोरियम के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों सहित ठेकेदार, आर्किटेक्ट को 31 दिसंबर तक निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

ऑडिटोरियम के निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे पीडब्ल्यूडी विभाग के मंत्री राजेश मूणत ने कार्य में विलंब को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अफसरों सहित डिजाइन तैयार करने वाले आर्किटेक्ट व ठेकेदार को फटकार लगाते हुए 31 दिसंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑडिटोरियम के सामने स्थित सुलभ शौचालय, पीडब्ल्यूडी के मेंटनेंस ऑफिस, नर्सिंग क्वाट्र्स को हटाने को कहा है।

अफसरों को समय-समय पर ऑडिटोरियम का निरीक्षण करने और सीटिंग अरेंजमेंट करने वाले ठेकेदार को साइंस कॉलेज में की गई गलतियों को सुधारने व आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। सूत्रों का कहना है कि 31 दिसंबर तक नए ऑडिटोरियम में फॉल सिलिंग, एसी व कुर्सी लगाने का काम किसी भी परिस्थति में पूरा नहीं किया जा सकता, जनवरी या फरवरी तक संभवत: पूरा हो सकेगा।

कई महीने रूका रहा काम
वर्ष 2013-14 में शुरू किए गए ऑडिटोरियम निर्माण कुछ माह बाद ही तकनीकी दिक्कतों के चलते तत्कालीन स्वास्थ्य सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने ऑडिटोरियम का निर्माण बीच में ही रोकने का आदेश दिया था। इससे कई महीने कार्य प्रभावित रहा। निर्माण के लिए खोदे गए नींव के गड्ढों में पानी भर जाने से शासकीय नर्सिंग कॉलेज की बाऊंड्री वॉल गिरने का खतरा था। इसे देखते हुए नर्सिंग कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य ने डीएमई को पत्र लिखकर बाउंड्रीवाल गिरने से कॉलेज और हॉस्टल की छात्राओं की दिक्कत बढ़ जाने की शिकायत डीएमई से की थी। इसके पश्चात दोबारा काम शुरू कराने का आदेश दिया था, जो अब तक पूरा नहीं किया जा सका है।

रायपुर मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन डॉ. विवेक चौधरी ने कहा कि मंत्री द्वारा ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया गया, साथ ही अफसरों को 31 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सड़क निर्माण और आउटर व इंटीरियर के कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया है।

Published on:
26 Oct 2017 07:08 pm