
Chhattisgarh Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में मानसून का आगमन हो गया है। बस्तर संभाग के जिलों में तेज बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने दंतेवाड़ा जिले से प्रदेश में मानसून के आगमन की जानकारी दी है। इधर 12 बजे के बाद रायपुर में भी जोरदार बारिश हुई। करीब 1 घंटे तक हुई बारिश से शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
मानसून इस समय सुकमा बीजापुर के बाद दंतेवाड़ा में भी सक्रिय हो गया है। इधर रायपुर में बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आज और कल अच्छी बारिश होती है तो परसों घोषणा हो सकती है। बता दें कि पिछले तीनों से बादल साफ है। जिसके चलते तीखी धूप के चलते भीषण गर्मी पड़ रही थी। पारा एक बार फिर 42 के आसपास चला गया था। वहीं आज बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो गया है और अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। साथ ही 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। रविवार को प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक दर्ज किया गया।
मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना जताई गई है। रविवार को सबसे गर्म शहर बिलासपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया है कि कल यानी 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के राज्य के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है।