
CG Weather Update: मौसम भी बड़ा बेइमान है। रविवार दोपहर को तेज धूप और गर्म हवा चली, फिर शाम को अचानक मौसम ने यू-टर्न लिया। अंधड़ के साथ तेज बारिश होने लगी। बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने और अंधड़ व बारिश होने का अनुमान लगाया है। बता दें कि प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री डोंगरगढ़ और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर का रहा।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और आसपास के मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना रहेगी। कहीं-कहीं आकाशीय बिजली भी गिरने का अनुमान है। रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।