
रायपुर. एक-दो दिन तक ठीक-ठाक बारिश होने के बाद फिर से मानसून कमजोर हो गया। राजधानी में दिनभर धूप तेज होने से उमस बढ़ गई। इससे देर शाम तक घरों और ऑफिसों में लोग उमस से परेशान होते रहे। शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री अधिक रहा।
मौमम विभाग के अनुसार राजधानी सहित प्रदेश में अभी एक-दो दिन तेज बारिश के आसार कम है। क्योंकि ऊपरी हवा में एक चक्रवात जो बना हुआ है, वह दक्षिण पूर्व बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्र पर स्थित है। इसकी ऊंचाई समुद्र सतह से 1.5 किमी है। मानसून द्रोणिका राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक रही है।
क्या कहता है प्रदेश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या फिर गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। आगामी दो दिन बाद भी हल्की बारिश की संभावना है। राजधानी में बुधवार को आकाश मेघमय रहेगा तथा एक-दो बार वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
किसानों की बढ़ी चिंता
भादो मास का एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी प्रदेश में मानसून का दूसरा दौर सुस्त है और अब मानसून की बेरुखी के चलते करीब एक दर्जन से ज्यादा जिलों में अकाल के बादल मंडराने लगे हैं। हालांकि मौसम केंद्र आगामी दिनों में प्रदेश के पूर्वोत्तर जिलों में बारिश होने का अनुमान जता रहा है लेकिन रूट लाइन बदलकर दक्षिण का रुख कर चुके मानसून ने मौसम केंद्र के पूर्वानुमानों की सटीकता को गलत साबित कर दिया है।
कहां कितना रहा तापमान
रायपुर- 31.9।
माना- 32.2।
बिलासपुर- 32.0।
पेंड्रारोड- 30.9।
अंबिकापुर- 29.0।
जगदलपुर- 30.2 ।
दुर्ग- 32.2 ।
राजनांदगांव- 31.0।