रायपुर

कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर! ओवरटाइम पर दोगुनी मजदूरी समेत कई नए नियम लागू, जानें

Labour Law Changes: छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कामकाज की परिस्थितियों को लेकर नए नियम लागू कर दिए गए हैं। अब निर्धारित समय से अधिक काम कराने पर नियोक्ता को दोगुनी मजदूरी देनी होगी।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 10:41 AM IST
Chhattisgarh News
छत्तीसगढ़ में नौकरी के नियम बदले (फोटो सोर्स- AI)

रायपुर@राहुल जैन। Chhattisgarh New Labour Rules: अब किसी कर्मचारी से निर्धारित समय से ज्यादा काम कराना है तो नियोक्ता को उसकी दोगुनी मजदूरी देनी होगी। नौकरी पर रखने के साथ नियुक्ति पत्र देना भी अनिवार्य होगा। वहीं, 40 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके कर्मचारियों की हर साल मुफ्त स्वास्थ्य जांच करानी होगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कामकाज की परिस्थितियों को लेकर नए नियम अधिसूचित कर दिए हैं। नए नियमों का सीधा असर कारखानों, निर्माण कार्यों और अन्य अधिसूचित प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ेगा। इसमें काम के घंटे, अतिरिक्त काम का भुगतान, स्वास्थ्य जांच, दुर्घटना की सूचना और कर्मचारियों के रेकॉर्ड को लेकर नियोक्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है।

हर सप्ताह 48 घंटे से ज्यादा काम नहीं

नियमों के मुताबिक किसी कर्मचारी से सप्ताह में 48 घंटे से अधिक काम नहीं कराया जा सकेगा। दैनिक वेतन पर काम करने वाले कर्मचारी से एक दिन में आठ घंटे से अधिक काम कराने और अन्य कर्मचारियों से सप्ताह में 48 घंटे से अधिक काम लेने पर अतिरिक्त समय के लिए दोगुनी दर से मजदूरी देनी होगी। इसका भुगतान संबंधित वेतन अवधि के अंत में करना होगा। प्रतिष्ठान को साप्ताहिक अवकाश की जानकारी भी कार्यस्थल पर प्रदर्शित करनी होगी।

नियुक्ति पत्र में वेतन से लेकर सामाजिक सुरक्षा तक

कर्मचारी को नियुक्ति पत्र देना अनिवार्य किया गया है। इसमें पदनाम, रोजगार का प्रकार, कौशल श्रेणी, कार्यभार ग्रहण करने की तारीख, वेतन, महंगाई भत्ता, अन्य भत्ते और ईपीएफ-ईएसआईसी जैसे सामाजिक सुरक्षा लाभों की पात्रता का उल्लेख करना होगा। महिला कर्मचारियों के मामले में मातृत्व लाभ की जानकारी भी देनी होगी।

दुर्घटना की सूचना 12 घंटे में

कार्यस्थल पर दुर्घटना में किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर नियोक्ता को संबंधित अधिकारियों और मृतक के परिजनों को सूचना देनी होगी। गंभीर चोट के कारण कर्मचारी 48 घंटे या उससे अधिक समय तक काम करने में असमर्थ होता है तो दुर्घटना की सूचना 48 घंटे की अवधि पूरी होने के 12 घंटे के भीतर देनी होगी। खतरनाक घटनाओं की सूचना भी निर्धारित समय में देना जरूरी है।

महिलाओं की नाइट शिफ्ट में सुरक्षा का रेकॉर्ड

महिला कर्मचारियों की रात्रिकालीन पाली के लिए अलग सहमति प्रपत्र निर्धारित किया गया है। इसमें कर्मचारी की सहमति, ड्यूटी का समय, परिवहन सुविधा, सुरक्षा संबंधी मुद्दे और आपातकालीन संपर्क नंबर का विवरण दर्ज करना होगा।

ऑनलाइन पंजीयन, सात दिन में प्रमाणपत्र

प्रतिष्ठानों को निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन के लिए आवेदन करना होगा। पूरा आवेदन मिलने के सात दिन के भीतर प्रमाणपत्र जारी नहीं होने पर प्रतिष्ठान को पंजीकृत माना जाएगा और प्रमाणपत्र स्वत: जारी होगा। पहले से पंजीकृत प्रतिष्ठानों को भी नए नियम लागू होने के छह महीने के भीतर अपना पंजीयन विवरण अपडेट करना होगा।

Updated on:
27 Nov 2026, 10:41 AM IST
Published on: