
भिलाई. देश का रेड कॉरिडोर यानी लाल आतंक के गढ़ का रावघाट इलाका। घने जंगल के बीच के इस इलाके में हर कदम पर आपको दहशत का अहसास होता है। इस धुर माओवाद प्रभावित क्षेत्र में सबसे नया कुछ है तो वो दल्लीराजहरा - रावघाट रेल परियोजना के तहत बिछाया गया 17 किलोमीटर का रेलवे ट्रैक है। जिसपर करीब 5000 जवान तैनात है। 24 घंटे के भीतर इस ट्रैक पर पहली बार ट्रेन चलेगी।
काला सोना कहे जाने वाले लौह अयस्क की आपूर्ति भिलाई इस्पात संयंत्र को की जाना है। दुनिया का सबसे बेहतरीन लौह अयस्क माओवादी मांद रावघाट में है। यह एशिया की सबसे बड़ी खनन परियोजना है। इसके लिए 90 किलोमीटर का गुड्स ट्रैक तैयार किया जा रहा है। अभी खनन शुरू नहीं हुआ है, इसलिए ट्रैक पर पहली पैसेंजर ट्रेन चलाई जा रही है।
पत्रिका ने इस पूरे इलाके की रिपोर्टिंग की। यहां सशस्त्र सीमा बल के आठ कैम्प ऑपरेटिंग बेस (सीओबी) हैं। दो बटालियन यहां तैनात हैं, लेकिन इनकी संख्या और स्थान का उल्लेख सुरक्षा कारणों से नहीं किया जा रहा है। फिर भी बता दें कि रावघाट तक रेलवे ट्रैक नहीं बिछाया जाएगा। माना जा रहा है कि अगले तीन साल में ट्रैक अपने आखिरी पड़ाव तक पहुंच जाएगा। रावघाट से वहां तक लौह अयस्क को ढोकर लाया जाएगा, इसके बाद रेलवे रैक के जरिए इसको बीएसपी तक पहुंचाया जाएगा।
पल-पल खतरा और चारों तरफ पसरी दहशत
इस इलाके में पल-पल खतरा है। चारों तरफ दहशत है। माओवादियों के आतंक से यहां मीडिया भी विशेष सुरक्षा के बिना यहां नहीं पहुंच पाते। देश के अंदर का ऐसा खतरनाक इलाका जहां रेल लाइन की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सीमा बल की दो बटालियन चौबीस घंटे पहरा दे रही हैं। इसके आगे रावघाट क्षेत्र बीएसएफ की दो बटालियन की सुरक्षा में है। इस रेल लाइन को बिछाने में साठ साल लग गए।
देश की सबसे महत्वकांक्षी रावघाट रेल परियोजना का दूसरा चरण पूरा हो चुका है। इसके पहले चरण में 17 किमी का ट्रैक बिछाया गया, जिसके अंतिम स्टेशन गुदुम तक ही ट्रेन चल रही है। इसके आगे 17 किमी का ट्रैक भानुप्रतापपुर तक बन गया है। पत्रिका टीम इस ट्रैक के भानुप्रतापुर थानांतर्गत भैंसमुंडी इलाके में पहुंची तो एसएसबी की सर्चिंग टीम मौजूद थी। आसपास के बड़े इलाके को भी एसएसबी ने अपनी निगरानी में ले रखा था।