रायपुर

निगम-मंडल की सूची पर नहीं लगी मुहर, अब अगली बैठक 8 को

- जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन के विस्तार के लिए नामों पर हुई चर्चा- 8 को प्रदेश पदाधिकारी और निगम-मंडलों के नामों पर होगी रायशुमारी
2 min read
Dec 02, 2020
congress
congress

रायपुर. कांग्रेसियों के लिए निगम-मंडलों की सूची का इंतजार लंबा होता नजर आ रहा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई गोपनीय बैठक में निगम-मंडलों के नामों पर ज्यादा चर्चा नहीं हो सकी। सूत्रों का कहना है कांग्रेस एक व्यक्ति एक पद का फार्मूला अपनाने पर विचार कर रही है। यही वजह है कि 2023 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर पहले संगठन विस्तार पर फैसला हो रहा है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम मौजूदगी में सीएम हाउस में मैराथन बैठक हुई। इसमें जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन विस्तार के लिए नामों पर चर्चा हुई है। अगली बैठक 8 दिसम्बर को सीएम हाउस में फिर से होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों और निगम-मंडलों के नामों पर रायशुमारी होगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम का कहना है, ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जल्द जारी की जाएगी। इसके लिए जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा, जिला कार्यकारिणी के लिए कार्यकर्ताओं के नामों पर चर्चा हुई है। इसकी सूची भी जल्द ही घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, 2023 के चुनाव को ध्यान में रख कार्यकर्ताओं को जगह दी जा रही है।

पुनिया को भेजेंगे अंतिम सूची
मरकाम ने इस बात को स्वीकार किया है कि बैठक में निगम-मंडल के नामों पर भी चर्चा हुई है। उन्होंने नामों का खुलासा करने से इनकार करते हुए कहा, निगम-मंडल की अंतिम सूची को प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और आलाकमान के पास भेजी जाएगी। दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद ही सूची जारी होगी।

अब संतुष्ट करने की रणनीति पर काम
कांग्रेस को 2018 के विधनसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिल थी। कांग्रेस को इस बात का अंदाज है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में पुरानी जीत को दोहराना बहुत चुनौतीपूर्ण काम होगा। यही वजह है कि निगम-मंडल की सूची जारी करने में कांग्रेस बहुत सोच-समझकर फैसले ले रही है। माना जा रहा है कि निगम-मंडल के दावेदारों को संतुष्ट करने के लिए उन्हें संगठन में पद देकर संतुष्ट करने का प्रयास किया जाएगा। क्योकि संगठन में अब तक एक व्यक्ति एक पद का फार्मूला पूरी तरह से लागू नहीं किया है। निगम-मंडलों में ऐसे कई लोग है, जो अभी संगठन के अहम पदों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

चार-पांच दौर की बैठक के बाद भी नहीं बनी सहमति
निगम-मंडलों की सूची के लिए कांग्रेस में अब तक चार-पांच दौर की बैठक हो चुकी है। इसके बाद भी सूची को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। बताया जाता है कि प्रारंभिक दौर की चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से एक दौर की बैठक की थी। वहीं प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के साथ दो दौर की बैठक हो चुकी है। पहली बार बैठक में शामिल होने आए प्रदेश प्रभारी पुनिया को कोरोना होने की वजह से मामला अटक गया था। उस समय भी दावा किया जा रहा था कि सूची जल्द जारी होगी। अब माना जा रहा है कि अंतिम दौर क बैठक 8 दिसम्बर को होगी, इसमें सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Updated on:
02 Dec 2020 05:14 pm
Published on:
02 Dec 2020 05:14 pm