रायपुर

NMIMS Nava Raipur: नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का कैंपस! 90 साल की लीज पर मिली 40 एकड़ जमीन

Nava Raipur Education Hub: नवा रायपुर अटल नगर में प्रतिष्ठित NMIMS का कैंपस खुलेगा। 40 एकड़ जमीन की लीज और रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी हो गई है। कैंपस में दो से तीन साल में पहला बैच शुरू करने का लक्ष्य है।
3 min read
Sep 01, 2026
NMIMS Nava Raipur
नवा रायपुर में खुलेगा प्रतिष्ठित NMIMS (photo source- Patrika)

NMIMS Nava Raipur: छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल हुई है। देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज यानी NMIMS अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही नवा रायपुर में NMIMS कैंपस स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार का कहना है कि इस संस्थान के आने से प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

CM Vishnu Deo Sai: CM साय बोले- युवाओं को प्रदेश में ही मिलेंगे बेहतर अवसर

इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ही देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसी शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का फोकस है। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार मौजूद रहे।

40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक कैंपस

NMIMS का नया कैंपस नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाली श्री विले पार्ले केलवणी मंडल यानी SVKM को यह जमीन 90 साल की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को NMIMS के लिए जमीन आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद संबंधित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया गया और अब लीज अनुबंध के साथ भूमि रजिस्ट्री भी पूरी हो गई है। सरकार और संस्थान की ओर से कैंपस को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की योजना है।

दो से तीन साल में शुरू हो सकता है पहला बैच

NMIMS कैंपस की स्थापना की पूरी प्रक्रिया को आगामी सात साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले ही मिलने की उम्मीद है। योजना के मुताबिक दो से तीन साल के भीतर कैंपस में पहला शैक्षणिक बैच शुरू किया जा सकता है। कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी पढ़ाई कर सकेंगे।

प्रदेश के युवाओं को मिलेगी आधुनिक शिक्षा

NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के नवा रायपुर आने से प्रदेश के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए विकल्प खुलेंगे। विद्यार्थियों को प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगार से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई प्रदेश में ही करने का अवसर मिलेगा। अब उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है। इससे विद्यार्थियों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी। वहीं देश के दूसरे राज्यों से भी विद्यार्थी नवा रायपुर में पढ़ाई करने आ सकते हैं। इससे शहर में एक बेहतर और विविध शैक्षणिक वातावरण तैयार होने की उम्मीद है।

शिक्षा के साथ रोजगार और स्टार्टअप को भी बढ़ावा

NMIMS कैंपस का फायदा सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहने की उम्मीद है। संस्थान के माध्यम से कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिल सकता है। विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव मिलने के अवसर विकसित होंगे। इससे पढ़ाई के साथ रोजगार की तैयारी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी। शिक्षा संस्थान, शिक्षक, विद्यार्थी और उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ने से प्रदेश में कुशल मानव संसाधन तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

NMIMS Raipur: नवा रायपुर की एजुकेशन हब के रूप में बढ़ेगी पहचान

राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक सुविधाओं वाले शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना से इस योजना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थियों और शिक्षकों के आने से नवा रायपुर का शैक्षणिक और बौद्धिक वातावरण और मजबूत होगा। इसके साथ ही हॉस्टल, परिवहन, खान-पान, किराए के मकान और अन्य सेवाओं से जुड़े रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

सात साल में पूरी तरह विकसित करने का लक्ष्य

NMIMS कैंपस की स्थापना की पूरी प्रक्रिया को सात साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं पहले शैक्षणिक बैच को दो से तीन साल में शुरू करने की योजना है। भूमि रजिस्ट्री और लीज अनुबंध पूरा होने के बाद अब कैंपस की स्थापना की दिशा में अगला चरण शुरू होगा। आने वाले समय में यह संस्थान छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार के मुताबिक NMIMS की स्थापना से प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे नवा रायपुर की पहचान देश के उभरते शिक्षा केंद्र के तौर पर और मजबूत होने की उम्मीद है।

Updated on:
01 Sept 2026 05:58 pm
Published on:
01 Sept 2026 05:58 pm