
Chhattisgarh NSUI Election: छत्तीसगढ़ में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ( NSUI) के संगठनात्मक चुनावों की घोषणा हुई है। इसी के साथ ही एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। बता दें कि इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश के कॉलेज और यूनिवर्सिटी में विभिन्न पदों पर नई टीम का चयन किया जाएगा। वहीं NSUI के चुनाव दो चरणों में पूरे होंगे। वहीं अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है।
पहले चरण में प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और अन्य कॉलेजों, यूनिवर्सिटी में कैंपस अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में जिला और प्रदेश स्तर के संगठनात्मक चुनाव होंगे। संगठन का मानना है कि इस प्रक्रिया से छात्र नेतृत्व को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त होगा।
एनएसयूआई के संगठनात्मक चुनावों के दूसरे चरण में जिला और प्रदेश स्तर की इकाइयों का गठन किया जाएगा। कैंपस स्तर पर चुने गए प्रतिनिधियों के आधार पर संगठन की जिला और प्रदेश कार्यकारिणी का चयन होगा। इसके बाद नई जिला और प्रदेश कार्यकारिणी औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी। चुनाव में भाग लेने के लिए 16 से 27 वर्ष तक की आयु के युवा पात्र होंगे और विभिन्न पदों के लिए अपनी उम्मीदवारी दर्ज करा सकेंगे।
युवाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एनएसयूआई जल्द सदस्यता अभियान शुरू करेगी। (NSUI Election 2026) संगठन ने सदस्यता शुल्क 45 रुपये निर्धारित किया है। चुनाव लड़ने और मतदान करने के इच्छुक छात्रों के लिए संगठन की सदस्यता लेना अनिवार्य होगा। सदस्यता अभियान के दौरान कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को संगठन से जोड़ा जा सके।
संगठनात्मक चुनावों की घोषणा के बाद प्रदेशभर में छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह देखा जा रहा है। काफी समय बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संगठन को नई नेतृत्व टीम मिलने जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह प्रक्रिया छात्र राजनीति को नई ऊर्जा देगी और युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
एनएसयूआई ने बताया है कि चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी जल्द घोषित की जाएगी। इसके बाद सदस्यता अभियान, नामांकन, चुनाव प्रचार और मतदान की प्रक्रिया क्रमवार शुरू होगी। संगठन का कहना है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराई जाएगी, जिससे सभी स्तरों पर युवाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।