रायपुर

Onion Price Hike: प्याज के दाम ने निकाले आम आदमी के आंसू, रायपुर में 60 रुपए किलो पहुंचा भाव

Onion Price Hike: प्याज की कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। खुदरा बाजार में भाव 60 रुपए किलो तक पहुंच गया है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 1:59 PM IST
Onion Price Hike
प्याज के दाम बढे (Photo AI Image)

Onion Price: प्याज की कीमतों ने एक बार फिर रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। राजधानी के अलग-अलग बाजारों में प्याज की खुदरा कीमत 60 रुपए किलो तक पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक थोक बाजार में ही प्याज 40 से 50 रुपए किलो बिक रहा है। थोक कारोबारियों का कहना है कि महाराष्ट्र समेत प्रमुख उत्पादक राज्यों में बेमौसम बारिश से फसल को नुकसान और नई फसल की आवक में देरी ने कीमतों को हवा दी है। इसका असर राजधानी के डूमरतराई और भनपुरी स्थित थोक आलू-प्याज बाजार में भी दिखाई दे रहा है।

स्थानीय पैदावार बाजार की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं

छत्तीसगढ़ आलू-प्याज आढ़तिया संघ, भनपुरी के अध्यक्ष अजय अग्रवाल के मुताबिक प्रदेश में प्याज की स्थानीय पैदावार बाजार की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं है। ऐसे में महाराष्ट्र और कर्नाटक के उत्पादक क्षेत्रों से आने वाली खेप पर निर्भरता बनी हुई है। सामान्य दिनों में रोजाना 30 से 40 गाडिय़ां प्याज पहुंचती थीं, लेकिन अब घटकर 20 से भी कम गाडि़यों पर सिमट गई है। उपभोक्ता मामले विभाग (मूल्य निगरानी प्रभाग) के अंर्तगत छत्तीसगढ़ में प्याज की कीमतें रिटेल में 53.71 रुपए दर्शाई गई हैं।

मौसम की मार से फसल तबाह

डूमरतराई थोक बाजार के अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी के मुताबिक देश में प्याज की महंगाई के पीछे मौसम की मार बड़ी वजह है। मार्च-अप्रैल में महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश से रबी प्याज की तैयार हुई फसल प्रभावित हुई। इसके बाद अधिक नमी के कारण भंडारण में रखे प्याज में फफूंद और सडऩ की समस्या सामने आई। वहीं, खरीफ फसल की बुआई और आवक में देरी से पुराना स्टॉक खत्म होने तथा नई फसल पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंचने के बीच सप्लाई का अंतर बढ़ा। अगस्त से लेकर दिसंबर तक लगातार बारिश ने भी फसल को प्रभावित किया।

आलू ने दी राहत बंगाल से भरपूर सप्लाई

प्याज के उलट आलू की कीमतें फिलहाल नियंत्रण में हैं। राजधानी में आलू रिटेल में करीब 25 रुपए किलो बिक रहा है। थोक कारोबारियों के मुताबिक इसकी प्रमुख वजह पश्चिम बंगाल से नियमित आवक और वहां उपलब्ध भरपूर स्टॉक है।

फैक्ट फाइल

वर्ष- रिटेल कीमतें

2024- 35-40

2025- 25-30

2026- 55-60

Updated on:
27 Nov 2026, 1:59 PM IST
Published on: