Online Satta: 36 मॉल के पास एक चारपहिया वाहन में सवार व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
Online Satta: आईपीएल में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा जोरों पर है। तेलीबांधा इलाके में पुलिस ने चलती कार में ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले तीन सटोरियों को धरदबोचा। इनमें शामिल एक सटोरिए के भाई को पुलिस करीब चार माह पहले जेल भेज चुकी है। अब दूसरा भी सट्टा चलाते धरा गया।
पुलिस के मुताबिक तेलीबांधा के एक शॉपिंग मॉल के पास कार सवार युवक द्वारा ऑनलाइन सट्टा चलाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारा।
मौके से कार सवार नमन जग्गी को पकड़ा गया। वह अलग-अलग ऑनलाइन बेटिंग साइट के जरिए आईपीएल मैच पर सट्टा बुक कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में नमन ने राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार के मोहम्मद सरफराज मामदानी को आईडी बेचने का खुलासा किया।
इसके बाद पुलिस ने उन दोनों को भी धरदबोचा। आयुष के भाई पीयूष जैन को भी पुलिस ने 31 जनवरी को ऑनलाइन सट्टा चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि पीयूष जेल से छूट गया है। वह फिर से सट्टा चलवा रहा है। इस बार पुलिस ने उसके भाई आयुष को सट्टा चलाते हुए पकड़ा है।
5 मई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित 36 मॉल के पास एक चारपहिया वाहन में सवार व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य-क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने अधीनस्थ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और संबंधित थाना प्रभारियों को सूचना की पुष्टि कर आरोपी की तत्काल तलाश एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पूछताछ के दौरान नमन जग्गी ने राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी को बेटिंग आईडी बेचने और उनके द्वारा भी सट्टा संचालन किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद टीम ने आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज मामदानी की तलाश कर उन्हें एक चारपहिया वाहन में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए गिरफ्तार किया।
आयुष जैन के मोबाइल फोन की जांच में jmdbet777.com और AllpaneleXch9.co नामक वेबसाइटों से सट्टा संचालन पाया गया, जबकि मोहम्मद सरफराज मामदानी के मोबाइल से silverbet777.club नामक आईडी के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलना, खिलाना और आईडी वितरण करना सामने आया।