रायपुर के खमतराई, मौदहापारा में तीन मामले सामने आए हैं, जिसमें इसी ओएलएक्स के जरिए ठगी हुई
रायपुर .सेकंडहैंड सामान खरीदने-बेचने के लिए ऑनलाइन प्लेटफार्म के नाम से चर्चित ओएलएक्स वेबसाइट में ठग सक्रिय हो गए हैं। मोबाइल, बाइक, लैपटॉप आदि खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे हैं। रायपुर में कई लोगों को झांसा दे चुके हैं। ठग ओएलक्स में सामान बेचने वाले से मोबाइल पर संपर्क करते हैं। और उनका सामान खरीदने की इच्छा जाहिर करते हैं। और सौदा कर लेते हैं। इसके बाद सामान लाने के लिए कहते हैं। तय स्थान पर जैसे ही व्यक्ति अपना सामान लेकर पहुंचता है, आरोपी कभी ट्रॉयल के नाम पर, तो कभी एटीएम कार्ड के नाम पर दूसरा कार्ड देकर फरार हो जाते हैं। खमतराई, मौदहापारा में तीन मामले सामने आए हैं, जिसमें इसी ओएलएक्स के जरिए ठगी हुई। देर रात क्राइम ब्रांच ने कुछ संदेहियों को पकडक़र पूछताछ कर रही है। पुराने मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।
ओएलएक्स पर अपने मोबाइल को बेचने के लिए विज्ञापन देना एक और युवक को महंगा पड़ा। संजय नगर टिकरापारा निवासी अर्जुन डावटलानी ने ओएलएक्स पर अपने ९ मोबाइल को बेचने का विज्ञापन दिया था। इसके बाद एक युवक ने उससे संपर्क किया। मोबाइल में दोनों की बातचीत हुई और सौदा हो गया। इसके बाद आरोपी ने युवक को भनपुरी चौक स्टेट बैंक के पास बुलाया। आरोपी ने मोबाइल ले लिया। इसके बाद नगद नहीं होने पर एटीएम कार्ड से भुगतान करने के लिए कहा। उसने एक लिफाफा दिया और कहा कि इसमें मेरा एटीएम कार्ड है। इससे राशि निकाल लो। युवक लिफाफा लेकर चला गया। बाद में एटीएम मशीन के पास गया और लिफाफा खोला। उसमें एटीएम कार्ड के स्थान पर बिग बाजार का कार्ड निकला। इसकी शिकायत पर खमतराई पुलिस ने मामला कायम किया है। खमतराई में इसी तरह का एक और मामला पिछले सप्ताह दर्ज हुआ था।
ओएलएक्स के जरिए पहुंचे ठग ने जिन युवकों से ठगी की है, उनसे एक ही मोबाइल नंबर से बात की है। आशंक है कि तीनों मामले में एक ही आरोपी है। और वह रायपुर का रहने वाला हो सकता है। उल्लेखनीय है कि इस तरह की ठगी के कई माममले रायपुर में हुए हैं। आसपास के जिलों में भी इसी अंदाज से ठगी हुई है। ओएलएक्स के जरिए सामान खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में क्राइम ब्रांच ने एक संदेही युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जाता है कि युवक ही ओएलएक्स में सामान बेचने वालों को टारगेट करता था और रायपुर बुलाकर ठगी करता था।
पंडरी निवासी इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स भानूप्रताप ने अपने लैपटॉप को बेचने के लिए ओएलएक्स वेबसाइट पर विज्ञापन दिया था। उससे एक युवक ने संपर्क किया और लैपटॉप खरीदने की इच्छा जाहिर की। लैपटॉप का सौदा हो गया। इसके बाद आरोपी ने अंबेडकर अस्पताल परिसर में भानूप्रताप को लैपटॉप लेकर आने के लिए कहा। दोनों कैंटीन में मिले। लैपटॉप को देखने के बाद आरोपी ने कहा कि इसमें बहुत सारा डाटा है। इसे दूसरे हार्डडिस्क में कॉपी करके रख लो। भानूप्रताप उसकी बातों में आ गया। वह दूसरी हार्डडिस्क लेने गया। वापस लौटा, तो युवक लैपटॉप लेकर फरार हो गया था। इसकी शिकायत पर मौदहापारा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।