Operation Cyber Shield: रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत फर्जी RTO ई-चालान लिंक भेजकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो साइबर आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया।
Operation Cyber Shield: रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से पकड़ा है। ये आरोपी फर्जी लिंक और संदिग्ध मोबाइल ऐप के जरिए एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बनाकर उनके बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20) और नरसिंह सिंह (24) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब धर्मेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई। उन्हें “RTOechallan” के नाम से एक एसएमएस प्राप्त हुआ था। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 4.52 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए।
शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच में गूगल डेटा, बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर, यूट्यूब और टेलीग्राम से प्राप्त जानकारियों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “Task Complete”, “Instant Bonus”, “Referral Bonus” और गेम खेलकर कमाई जैसे ऑफर देकर लोगों को Winmate और Wingo जैसे ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते थे। ये ऐप आधिकारिक ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं थे।
ऐप इंस्टॉल करते ही यूजर को बोनस राशि दिखती थी और “SMS Task” के नाम पर उनके मोबाइल से बड़ी संख्या में फर्जी संदेश भेजे जाते थे। इन संदेशों में ई-चालान या अन्य आकर्षक लिंक होते थे, जिन पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता था और बैंक या ई-वॉलेट से पैसे निकाल लिए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए महंगे सामान मंगवाते थे। इन सामानों की डिलीवरी अलग-अलग राज्यों में कराई जाती थी, जिससे लेन-देन का ट्रैक करना मुश्किल हो जाए। इससे पहले भी इसी मॉड्यूल से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। केवल आधिकारिक Play Store या App Store से ही ऐप डाउनलोड करें। “गारंटीड कमाई” या “आसान मुनाफे” के झांसे में न आएं। किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल पर क्लिक करने से बचें और ऐसे ऐप्स को अनुमति न दें जो SMS, कॉन्टैक्ट या बैंकिंग एक्सेस मांगते हों। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।