रायपुर

धान खरीदी में 212 करोड़ का हिसाब गड़बड़! 26 जिलों के 2740 केंद्रों में मिला 68 हजार टन का शॉर्टेज, देखें आंकड़े

Paddy Shortage: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बाद भौतिक सत्यापन में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रदेश के 2740 उपार्जन केंद्रों में 68,491 मीट्रिक टन धान का शॉर्टेज मिला है। इसकी कीमत करीब 212 करोड़ रुपए आंकी गई है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 10:48 AM IST
Raipur Paddy Procurement
केंद्रों पर सन्नाटा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@हिमांशु शर्मा। Chhattisgarh Paddy Procurement: धान खरीदी में फर्जीवाड़ा और अनियमितता को रोकने के लिए राज्य सरकार ने इस बार डिजिटलाइजेशन के साथ ही चौकसी बढ़ा दी है। खरीदी भी शुरू हो चुकी है, लेकिन बीते वित्तीय वर्ष में धान खरीदी में हुई अनियमितता की रिपोर्ट चौंकाने वाला है। हाल ही में जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 2740 केंद्रों में भौतिक सत्यापन में पता चला कि 68,491 मीट्रिक टन धान का शॉर्टेज है। मार्कफेड ने अब इस पूरे धान की वसूली समिति प्रबंधकों से करने का निर्णय लिया है।

धान की कुल शार्टेज को प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से निकाला जाए तो प्रदेश में कुल 212 करोड़ रुपए की चपत लगी है। अब इसकी रिकवरी की प्रक्रिया की जा रही है। 26 जिलों में किसी न किसी स्तर पर धान की शॉर्टेज मिली है, जबकि 7 जिलों में शॉर्टेज शून्य बताई गई है। दरअसल खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश में करीब 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थीं। खरीदी के बाद समितियों और उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध धान, उठाव व अभिलेखों का मिलान किया गया। इसी प्रक्रिया में यह अंतर सामने आया है। विभागीय स्तर पर धान की कमी के पीछे सूखत व अन्य कारणों से हुई क्षति की संभावना भी बताई गई है।

रिकवरी का है प्रावधानधान शार्टेज के मामले में जिला सहकारी बैंकों द्वारा विभिन्न समितियों में अधिक कमी पाए जाने पर वसूली का प्रावधान है। वसूली के लिए जिला सहकारी बैंकों के द्वारा समिति प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही रिकवरी की जा रही है। जिन समितियों व उपार्जन केंद्रों में धान की कमी पाई गई है, वहां संबंधित धान खरीदी प्रभारी और समिति प्रबंधक से कमी की भरपाई कराए जाने की प्रक्रिया बताई गई है। संबंधित जिम्मेदारों को कम हुई मात्रा के बराबर धान जमा करने उसकी कीमत जमा करने कहा गया है।

इन जिलों में इतना शॉर्टेज मिला

  • जिला - शॉर्टेज
  • रायपुर 210 टन
  • कांकेर 13,436 टन
  • राजनांदगांव 4,825 टन
  • बस्तर 4,739 टन
  • गरियाबंद 4,424 टन
  • बालोद 4,248 टन
  • मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी 3,906 टन
  • कवर्धा 3,838 टन
  • खैरागढ़ छुईखदान-गंडई 3,467 टन
  • बिलासपुर में 214 टन
  • बलौदाबाजार 292 टन
  • सारंगढ़-बिलाईगढ़ 314 टन
  • जांजगीर-चांपा 471 टन
  • सक्ती 483 टन
  • सूरजपुर 486 टन
  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 566 टन
  • मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर 231 टन
  • सरगुजा 1,151 टन

जशबीर सिंह बघेल, डीएमओ मार्कफेड रायपुर के मुताबिक, लेखा मिलान पूरा हो गया है, रायपुर जिले में 210 टन धान का शॉर्टेज मिला है। जहां जितना शॉर्टेज है, वहां की समितियों से कमीशन की राशि में काटकर रिकवरी की जाएगी।

Updated on:
17 Nov 2026, 10:48 AM IST
Published on: