रायपुर

इलाज में की देरी तो मरीज के साथ आए युवकों ने डॉक्टरों को पीटा, चार गिरफ्तार

आंबेडकर अस्पताल के सोमवार सुबह कैजुअल्टी वार्ड में मरीज के साथ आए चार युवकों ने इलाज में देरी होने पर 3 डॉक्टरों के साथ मारपीट की।
2 min read
• •
Updated: 19 Jun 2018, 12:38 PM IST
ambedkar hospital
आंबेडकर अस्पताल के सोमवार सुबह कैजुअल्टी वार्ड में मरीज के साथ आए चार युवकों ने इलाज में देरी होने पर 3 डॉक्टरों के साथ मारपीट की।

रायपुर. आंबेडकर अस्पताल के सोमवार सुबह कैजुअल्टी वार्ड में मरीज के साथ आए चार युवकों ने इलाज में देरी होने पर 3 डॉक्टरों के साथ मारपीट की। परिजनों ने वार्ड में तैनात डॉ. शुभम एकार्थी, डॉ. नीरज बुसखरे, डॉ. अमित शिवहरे के साथ हाथापाई की। डॉक्टरों की शिकायत पर मौदहापारा पुलिस ने मारपीट के आरोपी चारों युवकों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ चिकित्सा सेवा अधिनियम के तहत एफआईआर की गई है। थाना प्रभारी मंजूलता राठौर के मुताबिक चारों आरोपी अपने साथी इरफान अंसारी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए थे। उस दौरान कैजुअल्टी में मौजूद डॉक्टरों के साथ इलाज में देरी होने के कारण विवाद हो गया। बहसबाजी होने लगी और इसके बाद नौबत मारपीट तक जा पहुंची। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि युवकों ने डॉक्टरों के साथ हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इससे डॉक्टरों को हल्की चोट भी आई है। विवाद बढ़ता देख अस्पताल के स्टाफ के साथ सुरक्षाकर्मियों ने चारों को पकडक़र आंबेडकर अस्पताल स्थित पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। मामले के चारों आरोपियों में नीलेश नायडू, इरफ़ान अंसारी, सलमान और संतोष ध्रुव को जेल भेजा चुका है।

परिजनों ने बताया डॉक्टर इलाज में देरी कर रहे थे। जल्दी करने का कहने पर गाली देने लगे थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने भी पुलिस में शिकायत की, लेकिन सिर्फ डॉक्टरों की शिकायत को प्राथमिकता देते हुए मामला पंजीबद्ध हुआ है।

इस तरह के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। कई बार तो ऐसा भी होता है कि डॉक्टर वहां इलाज कराने आए मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते है। इसके चलते उनके बीच विवाद होते हैं, लेकिन डॉक्टरों की गलती होने के बावजूद भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

विवाद-1: इलाज में लापरवाही और विलंब को लेकर आंबेडकर अस्पताल में डॉक्टरों और परिजनों के बीच लगातार विवाद की घटनाएं सामने आई हैं। 17 अप्रैल को भी आईसीयू में इलाज नहीं मिलने की शिकायत को लेकर किडनी वॉर्ड में मरीज के परिजनों ने डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया था। शिकायत के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया और दूसरे दिन उसे जमानत मिल गई थी। इससे अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टरों में काफी आक्रोश था। इसी वजह है कि जूडॉ ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दिया था।

विवाद-2: आंबेडकर अस्पताल में 21 मई 2017 को स्त्री रोग विभाग के डॉक्टरों के साथ मारपीट करने के मामले में गुढिय़ारी के युवक सोनू और उसकी बहन ममता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इस मामले में भी सोनू के बड़े भाई मनोरंजन गोयल ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत पुलिस ने नहीं सुनी, एकतरफा कार्रवाई की गई। सोनू दोपहर को पत्नी पूजा को प्रसव पीड़ा होने पर अपनी बहन के साथ उसे अंबेडकर अस्पताल ले गया था। इन्होंने आरोप लगाया था कि स्त्री रोग विभाग में ड्यूटीरत डॉ. ममता, डॉ. साक्षी और डॉ. प्रियंका ने पूजा का इलाज नहीं किया। मितानिन को भी भगा दिया था।

Published on: