रायपुर

पुनिया बोले- विधानसभा की 25 सीटें हार गई BJP, सरकार बनाने चाहिए 21 सीटें

पीएल पुनिया ने कहा कि भाजपा विधानसभा की 90 में से 25 सीटें पहले ही हार गई है। कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए सिर्फ 21 सीटों की जरूरत है।

2 min read
Sep 12, 2017
पुनिया बोले- विधानसभा की 25 सीटें हार गई भाजपा, सरकार बनाने चाहिए 21 सीटें

रायपुर/डोंगरगढ़. कर्ज माफी, सूखा राहत व बोनस की मांग को लेकर राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में आयोजित कांग्रेस के किसान महासम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने न सिर्फ एकजुटता दिखाने की कोशिश की, वरन भाजपा की रणनीतिक मकसद पर भी हमला किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि भाजपा विधानसभा की 90 में से 25 सीटें पहले ही हार गई है। कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए सिर्फ 21 सीटों की जरूरत है। पुनिया भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 65 सीटें जीतने की योजना का जवाब दे रहे थे।

उनका कहना था कि मिशन-65 घोषित कर भाजपा 25 सीटों पर पहले ही हथियार डाल चुकी है। पुनिया ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का नाम लिए बिना कहा कि गुटबाजी करने वाले चले गए हैं। अब लक्ष्य हासिल करने में पार्टी को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। उन्होंने जोर देकर कहा, कांग्रेस में कहीं कोई गुटबाजी नहीं है। कांग्रेस के सभी नेता आज माता के दरबार में एक मंच पर भाजपा को हराने एकत्रित हुए हैं। सभा को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कमलेश्वर पटेल, अरुण उरांव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री चरणदास महंत, सांसद ताम्रध्वज साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविन्द्र चौबे, विधायक धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।

ये भी पढ़ें

NTPC के भ्रष्ट मैनेजर ने पत्नी और ससुर के खाते में जमा किए थे कंपनी के करोड़ों रुपए

कमीशनखोरी में लिप्त है सरकार
दुर्ग सांसद ताम्रध्वज साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के नेता व कार्यकर्ता कमीशनखोरी में लिप्त है। प्रदेश में नौकरी, सड़क, पुल-पुलिया निर्माण सहित सभी क्षेत्र में कमीशनखोरी चल रही है। हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कहा कि 14 सालों से प्रदेश में रमन सिंह राज कर रहे हैं लेकिन एक मास्टर तक तैयार नहीं कर पाए जो बाहर से बुलाने पड़ रहे हैं।

सोनिया गांधी को रिपोर्ट सौंप फिर लौटेंगे पुनिया
राजनांदगांव से लौटने के बाद प्रभारी महासचिव पीएल पुनिया, सचिव अरुण उरांव और कमलेश्वर पटेल दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि पीएल पुनिया इस दौरे की पूरी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपने के बाद फिर रायपुर लौटेंगे। कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव का असली काम शुरू होने तक पुनिया संगठन के हर विभाग को पूरी तरह सक्रिय करना चाहते हैं।

भूपेश ने सरकार को बताया गरीब विरोधी
प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अनेक लुभावने वादे किए हैं। जिसमें जर्सी गाय, बेरोजगारी भत्ता, 35 किलो चावल शामिल है। लेकिन सभी में धोखा हुआ। उनका कहना था, पहले सरकार गरीबों को 35 किलो चावल दे रहे थी, लेकिन अब प्रति व्यक्ति 7 किलो के हिसाब से चावल देने लगे। भूपेश ने सवाल उठाया कि क्या अब जनता का पेट छोटा हो गया है। भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव से पहले थोक के भाव में राशन कार्ड बनाया गया था और चुनाव जीतने के बाद कार्डों की छंटनी कर दी गई।

भाजपा बोली, 19 ही पूरा कर लें तो बहुत
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के बयान पर भाजपा प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने कहा कि पुनिया मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। वे जब तक जागेंगे तब तक बहुत देर हो चुकी होगी। गुटबाजी में बंटी कांग्रेस पार्टी मिशन 90 भूल कर मिशन 19 ही पूरा पूरा कर ले तो बहुत होगा। उन्होंने कहा कि पूरे दौरे के दौरान कांग्रेस गुटबाजी में बंटी दिख रही थी।

ये भी पढ़ें

कहीं खतरनाक ब्लू व्हेल के शिकंजे में तो नहीं हैं आपके बच्चे, इसलिए स्कूलों ने उठाया ये स्टेप
Published on:
12 Sept 2017 12:14 am
Also Read
View All