
रायपुर . छत्तीसगढ़ के मंत्री कथित सेक्स सीडी कांड को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया ने एक बार फिर सरकार पर हमला बोला है। पुनिया ने कहा कि विपक्ष का काम है सत्ता की कमियों को उजागर कर जनता के बीच लाया जाए। उन्होंने कहा- हम खुद निर्णय नहीं ले सकते कि सीडी गलत है या सही। इसका फैसला जांच एजेंसी करेगी। पुनिया ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कोई जानबूझ कर दबाव बनाने की कोशिश करता है तो कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की दी नसीहत
पुनिया ने मिशन 2018 के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने एकजुट होकर काम नहीं करने वालों से दो टूक कहा - सत्ता में आने के लिए सबको मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि जिलाध्यक्ष किसी के पसंद का नहीं हो, लेकिन पार्टी का जो निर्णय है उसे स्वीकार करना ही होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के भीतर अपने बीच का मतभेद खत्म करिए। पार्टी में रहना है तो एकजुट होकर काम करना होगा।
इससे पहले जन अधिकार सभाओं के जरिए भाजपा विरोधी लहर को उठाने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा में भीड़ का दम दिखाया। शुक्रवार को यहां हुई सभा में 20 हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा कि सभा में उमड़ी भीड़ इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि कबीरधाम सीएम डॉक्टर रमन सिंह का गृह जिला है।
पुनिया ने कहा कि यह भीड़ बता रही है कि भाजपा सरकार की अब जल्द विदाई तय है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि जब अपने गृह जिले के लिए मुख्यमंत्री ने कुछ नहीं किया तो समझा जा सकता है कि बाकि जिलों की क्या हालत होगी?