
Pm Awas Yojana: प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत रायपुर नगर निगम ने चार आवासीय परियोजनाओं में मकानों के आवंटन के लिए बुधवार को हितग्राहियों की उपस्थिति में लॉटरी निकाली। इसमें लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर और सहायक अभियंता अमित बोस मौजूद रहे।
निगम ने योजना की भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटक के तहत 13 स्थानों पर 2616 मकानों के आवंटन के लिए 30 जून को विज्ञापन जारी कर 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन मंगाए थे। निर्धारित अवधि में कुल 5841 आवेदन प्राप्त हुए। मकानों की संख्या से अधिक आवेदन आने पर पात्र हितग्राहियों के क्रम निर्धारण के लिए चार परियोजनाओं में लॉटरी की गई। विभिन्न क्षेत्रों के लिए 672 मकानों के लिए लॉटरी निकाली गई जिसमें 1787 हितग्राही पात्र मिले हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर शहर में गरीब और कमजोर आय वर्ग के परिवारों के लिए 100 नए आवास बनाए जाएंगे। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति ने भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) की दो परियोजनाओं को मंजूरी दी है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 5 करोड़ 56 लाख रुपए है। बांसटाल स्वीपर कॉलोनी स्लम के पुनर्वास के लिए 2 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से 40 आवास बनाए जाएंगे। इसी तरह अमलीडीह में 3 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से 60 आवासों का निर्माण होगा।
पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर में चल रही और स्वीकृत परियोजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्के और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। एक ओर पहले से स्वीकृत परियोजनाओं में आवंटन के लिए लॉटरी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है, वहीं दूसरी ओर बांसटाल और अमलीडीह में नए आवासों के निर्माण की मंजूरी मिलने से आवास योजना का दायरा बढ़ेगा।