रायपुर

खुशखबरी: अब पुलिसकर्मी भी बीता सकेंगे अपने परिवार के साथ वक्त, इन्हें जल्द मिलेगी साप्ताहिक अवकाश की सौगात

पुलिस परिवारों के आंदोलन के बाद प्रशासनिक कवायद शुरू, समस्याएं सुलझाने हर जिले और रेंज में लगेगा दरबार
2 min read
• •
Updated: 28 Jun 2018, 11:54 AM IST
policeman
खुशखबरी: अब पुलिसकर्मी भी बीता सकेंगे अपने परिवार के साथ वक्त, इन्हें जल्द मिलेगी साप्ताहिक अवकाश की सौगात

रायपुर. पुलिस परिवारों के आंदोलन के बाद अब प्रदेश में पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने के लिए कवायद शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पहल पर डीजीपी ए.एन. उपाध्याय ने साप्ताहिक अवकाश दिए जाने का प्रस्ताव मंगवाया है। साथ ही उन्होंने सभी एसपी और आइजी को दरबार लगाकर पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साप्ताहिक अवकाश समेत विभिन्न मांगों को लेकर पुलिसवालों के परिजनों ने 25 जून को राजधानी में बड़ा प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से पुलिसकर्मियों के परिजन शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन के बाद सरकार और पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुलझाने के लिए कवायद शुरू की। इसके तहत आइजी और एसपी अब दरबार लगाकर सुनवाई करेंगे। साथ ही पुलिसकर्मियों की विभिन्न परेशानियों को दूर करने के लिए उनसे आवेदन भी लेंगे।

डीजीपी के निर्देश के बाद दुर्ग आइजी जी.पी. सिंह ने दरबार लगाकर पुलिसकर्मियों की समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्हें अपनी बात रखने का मौका भी दिया। आइजी के बाद सभी एसपी भी दरबार का आयोजन करेंगे। साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा।

साप्ताहिक अवकाश और अन्य शासकीय कर्मचारियों की तरह सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान पुलिसकर्मियों ने कई बार अफसरों के समक्ष गुहार लगाई थी। लेकिन सुनवाई नहीं होने के कारण वह तनावग्रस्त होते जा रहे थे। हालांकि पुलिस सेवा शर्तों के कारण आंदोलन-प्रदर्शन की मनाही होने के कारण वह अपनी बात सार्वजनिक रूप से नहीं रख पा रहे थे। इसी के चलते बिलासपुर के पुलिसकर्मी राकेश यादव ने आंदोलन का शंखनाद किया था।

डीजीपी ए.एन. उपाध्याय ने कहा कि पुलिसकर्मियों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण करने के लिए सभी जिलों और रेंज में दरबार लगाने के लिए कहा गया है। यहां वह अपनी समस्याओं को रख सकते हैं।

Updated on:
28 Jun 2018, 11:54 AM IST
Published on: