
रायपुर@ हिमांशु शर्मा। Indian Railways: रेलवे स्टेशन पर ट्रेन छूटने से पहले यात्री को हर तरह की हिदायत मिलती है। सुरक्षित यात्रा करें, स्वच्छता बनाए रखें और किसी परेशानी पर रेल मदद या 139 पर शिकायत करें। लेकिन सवाल यह है कि जब यात्री पूरा किराया चुका रहा है तो उसे साफ कोच, समय पर ट्रेन, सुरक्षित सफर और जरूरत पड़ने पर मेडिकल सुविधा क्यों नहीं मिल रही? रायपुर रेल मंडल में यात्रियों की शिकायतों के आंकड़े रेलवे के दावों की पोल खोल रहे हैं। जनवरी से अक्टूबर 2026 तक कुल 17,873 शिकायतें दर्ज हुई हैं। यानी हर महीने औसतन करीब 1,787 शिकायतें। आंकड़े बता रहे हैं कि रेलवे के लिए यात्रियों की समस्या सुनने का सिस्टम तो है, लेकिन समस्याओं को जड़ से खत्म करने की व्यवस्था अब भी कमजोर नजर आ रही है।
रेलवे सफाई, सुरक्षा, मेडिकल और दूसरी यात्री सुविधाओं पर करोड़ों रुपए खर्च करता है। कोच में गंदगी, खराब लाइट, बिजली संबंधी परेशानी, घंटों की देरी और सुरक्षा को लेकर चिंता यात्रियों के सफर का हिस्सा बनती जा रही है। ऐसे में रेलवे का 'खेद है, असुविधा के लिए हमें खेद है' वाला जवाब यात्रियों के लिए मानो स्थायी बोर्ड बन गया है।
ट्रेन में सफर करने वाला यात्री टिकट के लिए पूरा पैसा देता है। परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों के लिए गंदा कोच और बदहाल शौचालय बड़ी परेशानी बन जाते हैं। बुजुर्गों और बीमार यात्रियों को मेडिकल मदद की जरूरत पड़ने पर इंतजार करना पड़ता है। नौकरी, परीक्षा या जरूरी काम से जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन की लेटलतीफी पूरा शेड्यूल बिगाड़ देती है। वहीं सुरक्षा को लेकर चिंता अलग बनी रहती है। अब इसको लेकर सवाल उठने लगे हैं।
रेल मदद पोर्टल और 139 टोल फ्री नंबर यात्रियों की शिकायत दर्ज कराने के माध्यम हैं। लेकिन सवाल सिर्फ शिकायत दर्ज होने का नहीं, बल्कि उसके स्थायी समाधान का है। यदि हर महीने औसतन करीब 1,800 शिकायतें सामने आ रही हैं तो संबंधित विभागों की मॉनिटरिंग और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
डॉ. सुष्कर विपुल विलासराव, सीनियर डीसीएम, रायपुर मंडल के मुताबिक, हर माह जो शिकायत बढ़ रही है, उसका निराकरण करने जरूरी कदम उठाए जा रहे है। शिकायत पर भी तत्काल निराकरण किया जाता है। रेलवे खुद ही रेल मदद को प्रमोट कर रहा है, जिससे यात्रियों की शिकायत सीधें संबधित विभाग तक पहुंचे और उसका निराकरण हो।