रायपुर

12 अक्टूबर को रेलमंत्री आ रहे जी… दौरे से पहले जंग लगी जालियां तक चमकाईं, पटरी के चुल्ले भी उखाड़कर कर रहे मरम्मत

Chhattisgarh News: रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे से पहले रेलवे स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Chhattisgarh News
रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदलने में जुटे (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Raipur Railway Station: रेलमंत्री आ रहे जी… कोई खामी कहीं भी नजर नहीं आनी चाहिए। बल्कि उन्हें विकासित भारत जैसी तस्वीर दिखानी है। इसी तर्ज पर रेलवे स्टेशन और खमतराई ओवरब्रिज के दोनों तरफ पर्देदारी का काम तेजी से चल रहा है। रेलवे चप्पे-चप्पे को चमका रहा है। स्टेशन की सीढि़यों पर चढ़ते ही अब कहीं जंग लगी जालियां नजर आती हैं, न ही रेल पटरी पर काई और गंदगी। यहां तक कि रेल पटरी के पुराने चुल्लों को हथौड़ी और छेनी से उखाड़कर उसमें अल्कतरा लगा-लगा कर फिर से पटरी को लॉक करने में गैंग लगाई गई है। प्लेटफार्म एक से 7 तक चमकाने का काम तेजी से चल रहा है।

रेलवे सुरक्षा बल अपना 42वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इसी समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 9 अक्टूबर को आने वाले थे, लेकिन उनके आने की तारीख अब तीन दिन और आगे 12 अक्टूबर तक बढ़ गई है। ऐसे में रेलवे संपत्तियों और स्टेशनों की सुरक्षा छोड़कर सैकड़ों जवान डब्ल्यूआरएस के मैदान में रहेंगे। इस समय हर दिन परेड रिहर्सल चल रही है। तो दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक तैयारियां जोरों पर हैं। कहीं कोई खामी नजर न आए, इस पर पूरी तरह से अफसरों की पैनी नजर बनी हुई है।

नए फुटब्रिज के पास लिफ्ट लगाई जा रही

प्लेटफार्म एक पर नए फुटओवरब्रिज के लिए लिफ्ट लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। प्लेटफार्म की तरफ क्रेन से काम कराने के दौरान आने-जाने की जगह काम होने से यात्रियों को थोड़ी परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। खासतौर पर ट्रेनें आने के दौरान जब यात्रियों की भीड़ ज्यादा होती है।

खमतराई ब्रिज के दोनों तरफ पर्दादारी, गुमटी, ठेले बंद

डीआरएम ऑफिस से लेकर आयोजन स्थल तक साज-सज्जा की जा रही है। खमतराई ओवरब्रिज के दोनों तरफ रंगीन पर्दे लगाने के लिए बांस-बल्लियां लगाई हैं। वहीं रेलवे के इंस्टीट्यूट के बाजू में रेलमंत्री के मंच तक मैदान में सीसी रोड बन चुकी है और ग्राउंड के चारों ओर मुरम की सड़कें बनाने का काम तेजी से चल रहा है। क्योंकि रेल मंत्री को रिहर्सल का निरीक्षण करना है।

यादगार लम्हा, बैंड पार्टी बिखेर रही सुमधुर धुन

रेलवे सुरक्षा बल का 42वां स्थापना दिवस यादगार बनाया जा रहा है। शहर के अनेक स्थानों पर सुरक्षा बल की बैंड पार्टी सुरमयी प्रस्तुतियों से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। मंगलवार को भाठागांव बस स्टैंड में आरपीएफ बैंड द्वारा लोकप्रिय एवं देशभक्ति गीतों की मधुर धुनें गुंजित हुई तो लोग खड़े रह गए। इसी तरह की प्रस्तुति सोमवार को एनआईटी रायपुर के मुख्य गेट के पास दी गई थी। 7 अक्टूबर को तेलीबांधा (मरीन ड्राइव), रायपुर में सायं 4:30 से 5:30 बजे तक रेलवे सुरक्षा बल के ब्रास एवं पाइप बैंड द्वारा विशेष संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।

Updated on:
07 Oct 2026 09:34 am
Published on:
07 Oct 2026 09:34 am