
बागबाहरा. बागबाहरा नगर पालिका की कार्यप्रणाली की पोल खुली गई है। बदबू के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। शुक्रवार की शाम से रुक-रुक कर हो रही चौथे दिन भी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। खाली कुर्सी व भरी कुर्सी को लेकर नपा में जूतों में दाल बंट रही है, शहर की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
जाम नालियों से वर्षा के पानी की निकासी न होने से झलप चौक मुख्य मार्ग और गली-मोहल्लों व लोगों के घरों में पानी घुस गया। सडक़ पर जाम हुए पानी से लोगों की आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका की ओर से गली-मोहल्लों की नियमित सफाई न कराने की वजह से गली और सडक़ों पर लगे कूड़े के ढेरों से मलबा गलियों में पानी के साथ तैरने लगा। गलियों व सडक़ की मुख्य नाली में भरे गंदे पानी की निकासी और उसमें पड़े कूड़े को उठाने का कोई बंदोबस्त न किए जाने से लोग परेशान रहे। नम्बर वन एटीएम के सामने पानी भरा है, वहीं मुख्य नाली डूब चुकी है।
सफाई कर्मचारी सडक़ की मुख्य नाली की अगर नियमित सफाई करने आते तो यह दिक्कत न होती। नागरिकों का कहना है कि कई बार मुख्य नाली की सफाई को लेकर वार्ड पार्षदों व नपा अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। नगर पालिका ध्यान नहीं देती, मुख्य नाली साफ नहीं की जाती। लोगों ने नगर पालिका से थक-हारकर एसडीएम से भी शिकायत की है, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई है। स्कूल बच्चे पानी में गिरते रहते हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सती कुमार यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन नहीं हो पाया।
नगर पालिका कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी अधिकांश समय नदारत रहते हैं, उनके ऑफिस या तो खाली रहते हैं या ताले लटके रहते हैं। इससे फरियादी कार्यालयों के चक्कर लगाकर खाली लौट जाते हैं। लोगों को भय है कि समय रहते सफाई नहीं हुई तो नालियों में जल-भराव की समस्या गंभीर रूप ले लेगी। जबकि बागबाहरा नगर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद नगर पालिका ने स्वच्छता उपलब्धि की धूम मचाने में खूब ढिंढोरा पीटा, जिसकी पोल चालू मानसून ने खोल कर रख दी है।
भगवान भरोसे चल रही नगर पालिका में निर्वाचित पार्षदों व नपा अध्यक्ष के बीच टकराव अब खुलकर सामने आ गया है। जल भराव से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए जनप्रतिनिधि व नगर पालिका प्रशासन में किसकी जिम्मेदारी, कौन लापरवाह, टकराव खुलकर सामने आने का अभिशाप नगरवासी भोगने को मजबूर हैं।