
रायपुर . रायपुर के व्यवसायी विमल चंद जैन ने ठगी के कारोबार में अपने पूरे परिवार को उलझा दिया है। ताजा घटनाक्रम में अदालत ने विमल जैन की बेटी वर्षा जैन को तेलीबांधा थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में मातृत्व की वजह से जमानत दे दी है, वर्षा जैन बुधवार को मां बनी हैं। वहीं बेटे वरूण की तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस की तफ्तीश में पता चला है कि विमल जैन ने अपने धोखे के कारोबार में कम्पनियां खड़ी की, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर लिए और उन्हें भी अपराध का भागीदार बना दिया और तो और लम्बे समय से मुंबई में रह रही अपनी आर्ट डायरेक्टर बेटी वर्षा जैन को भी नहीं छोड़ा।
कौन बनेगा करोड़पति का सेट डिजाइन कर चुकी वर्षा जैन ने कई बड़ी फिल्मों और धारावाहिकों में बतौर कला निर्देशक काम किया है। गौरतलब है कि फिलहाल जेल में बंद रविभवन के मालिक विमलचंद जैन, उसके बेटे वैभव जैन, वरूण जैन और बेटी वर्षा जैन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी करने का अपराध दर्ज है। इस सम्बन्ध में जब वर्षा जैन से बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन किसी और ने उठाया उनका कहना था कि वर्षा को अपने ऊपर लगे आरोपों के सम्बन्ध में कुछ नहीं कहना है ,वो अभी इस स्थिति में नहीं हूँ कि कुछ कह सकें।
धोखाधड़ी के इस मामले में सह अभियुक्तन्यूयार्क से फाइन आट्र्स में मास्टर डिग्री ले चुकी वर्षा जैन हिंदी फिल्मों में बतौर कला निर्देशक काम करती हैं। उन्होंने 2014 में कौन बनेगा करोडपति का सेट इन्होने ही डिजाइन किया था।
झलक दिखला जा और लागी तुझसे दिल की लगन जैसे धारावाहिकों में उनके कामों को देखा जा सकता है। गौरतलब है कि वर्षा 2012 में आई बहुचर्चित फिल्म ओह माई गॉड में भी आर्ट डायरेक्शन उन्ही का था। वर्षा अमेरिका में हुए इंटरनेशनल इन्डियन फिल्म एवार्ड के अलावा डिज्नी इण्डिया के बहुचर्चित सेट को डिजाइन कर चुकी है, उन्होंने एमटीवी के प्रसिद्ध शो कोक स्टूडियो के लिए भी सेट डिजाइन का काम किया है। ‘पत्रिका’ की तफ्तीश में पता चला है कि वर्षा विमल चंद के परिवार की कुछ कंपनियों में निदेशक है। उसके अलावा उनकी अपनी इवेंट कंपनी भी है। वो विमल चंद की कई कंपनियों में शामिल है ।
रायपुर पुलिस का इस पूरे मामले में कहना है कि धोखाधड़ी के मामले में वर्षा और वरुण की भूमिका न के बराबर रही है। विमल जैन ने अपने गलत कारोबार में बच्चों के हस्ताक्षर लेकर उन्हें भी उलझा दिया है। इस बीच जानकारी मिली है कि पुलिस ने विमल चंद की ठगी के शिकार कई लोगों से पूछताछ की है। इसके अलावा बैंकों से भी संपर्क साधा हैं। एसपी रायपुर अमरेश मिश्रा का इस पूरे मामले में कहना था कि इस मामले में वर्षा को न्यायालय ने उनके मातृत्व को देखते हुए फिलहाल जमानत दे दी है। जहां तक अपराध का सवाल है विमल जैन मुख्य अपराधी है ,उनके साथ ठगी के जो भी आरोपी होंगे उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा।
इस बीच बीच सेंट्रल बैंक आफ इंडिया ने विमल चंद जैन की भिलाई स्थित दो परिसंपत्तियों को नीलाम करने का फैसला किया है। यह फैसला सेंट्रल बैंक ने विमल चंद की पत्नी विमला देवी और बहु निधि देवेन्द्र पारिख द्वारा लिए गए कर्ज की वसूली के लिए लिया है। यह नीलामी आगामी 10 अप्रैल को होगी। जो परिसंपत्ति बेचीं जानी है उसका कुल मूल्य तकऱीबन पौने दो करोड़ है। बैंक द्वारा भिलाई के अमलेश्वर स्थित विमल चंद जैन की टीन प्रापर्टी की नीलामी की जानी है। गौरतलब है कि निधि देवेन्द्र पारिख विन्सन एजुकेशनल फाउंडेशन व वाइकान होटल और रिसार्ट लिमिटेड में निदेशक है।