
Raipur truck accident: रायपुर के अग्रसेन चौक स्थित क्षमता कॉलोनी में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मंगलम भवन के सामने एक भारी-भरकम ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। बताया जा रहा है कि ट्रक करीब 18 से 20 चक्के वाली भारी वाहन है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास खड़े लोगों की जान बाल-बाल बच गई। ट्रक चालक वाहन को पीछे की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने खतरे को भांपते हुए चालक को “रुको-रुको” कहकर वाहन रोकने की कोशिश की। हालांकि, चालक समय रहते ट्रक को नहीं रोक सका और भारी वाहन पीछे की ओर नाले में जा गिरा।
हादसे के बाद ट्रक नाले में फंसी हुई है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि भारी वाहन की स्थिति ऐसी है कि वह कभी भी पलट सकती है। इससे आसपास से गुजरने वाले लोगों और सड़क पर आवाजाही करने वाले वाहनों के लिए खतरा बना हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रक को सुरक्षित तरीके से नहीं हटाया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर भारी वाहन के पलटने की स्थिति में सड़क पर मौजूद लोगों और अन्य वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन और नगर निगम से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद घटनास्थल को सुरक्षित करना जरूरी है, ताकि कोई दूसरा वाहन या राहगीर हादसे की चपेट में न आए। इसके साथ ही ट्रक को क्रेन या अन्य जरूरी संसाधनों की मदद से सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। जब तक ट्रक को हटाया नहीं जाता, तब तक मौके पर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है।
हादसे की सबसे बड़ी राहत वाली बात यह रही कि ट्रक के नाले में गिरने के दौरान आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में नहीं आए। ट्रक थोड़ा और आगे या किसी अन्य दिशा में गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि ट्रक चालक ने वाहन को पीछे क्यों लिया और किस वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।