भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के पद से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश करने वाले ओपी चौधरी गुरुवार को पहली बार नेता के रूप में रायपुर पहुंचे।
रायपुर. भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के पद से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश करने वाले ओपी चौधरी गुरुवार को पहली बार नेता के रूप में रायपुर पहुंचे। ओपी चौधरी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। इसके बाद एयरपोर्ट से एकात्म परिसर तक बाइक रैली निकाली गई। चौधरी के पहले नगर आगमन को यादगार बनाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक जगह-जगह स्वागत किया।
रायपुर के पूर्व कलेक्टर ओपी चौधरी ने अपनी माटी और छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा करने के लिए आईएएस की नौकरी छोड़ राजनीति में प्रवेश किया। चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। खबरों के अनुसार चौधरी रायगढ़ के खरसिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
युवा को साधने की रणनीति
बताया जाता है कि ओपी चौधरी के बहाने भाजपा नए मतदाताओं को साधने की रणनीति बना रही है। यही वजह है कि चौधरी के रायपुर आने वाले उनके स्वागत की जिम्मेदारी युवा मोर्चा को दी गई है। पार्टी सूत्रों का पार्टी चौधरी की स्वच्छ और ऊर्जावान छबि का भुनाने के लिए पूरा प्रयास करेंगी।
भाजयुमो मीडिया प्रभारी उमेश घोरमोड़े ने बताया कि स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। वे दोपहर करीब 2 बजे नियमित विमान से विवेकानंद हवाई अड्डे पहुंचें। यहां युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उनका स्वागत किया और इसके बाद एयरपोर्ट से एकात्म परिसर तक बाइक रैली निकाली गई। यहां प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद चौधरी शाम चार बजे पत्रकारवार्ता को भी संबोधित करेंगे।