12 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

CG Teacher Vacancy 2026: सहायक शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, अब दिव्यांग अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आवेदन

CG Assistant Teacher Vacancy: छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक भर्ती 2026 में हाईकोर्ट के आदेश के बाद बड़ा बदलाव किया गया है। अब दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
2 min read
Google source verification
CG Teacher Vacancy 2026

CG Teacher Vacancy 2026: सहायक शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव(photo-patrika canva create)

CG Teacher Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता संबंधी प्रावधानों में बदलाव किया है। इसके तहत अब दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इन अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की तारीख छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।

Chhattisgarh Assistant Teacher Recruitment 2026: हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ शुद्धि पत्र

लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने उच्च न्यायालय के निर्णय के पालन में सहायक शिक्षक भर्ती के विज्ञापन में संशोधन किया है। राज्य की सरकारी शालाओं के ई-संवर्ग और टी-संवर्ग में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 24 जुलाई 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। इस मामले में हाईकोर्ट में दायर याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026, मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य पर 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए निर्णय के अनुपालन में यह बदलाव किया गया है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता में क्या हुआ बदलाव?

जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के तहत सहायक शिक्षक पद के लिए पात्र दिव्यांगता की श्रेणियों में बदलाव किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) से प्रभावित अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। इस संशोधन के बाद इन श्रेणियों के पात्र अभ्यर्थियों को भी सहायक शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर मिलेगा। आवेदन की तारीख छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।

इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को हटा दिया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार विवरण भी जारी किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता से संबंधित समूहों के लिए आरक्षित पदों का वितरण स्पष्ट किया गया है।

सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर होगी भर्ती

छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक भर्ती 2026 के तहत कुल 2292 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें ई-संवर्ग के 795 पद और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती राज्य की शासकीय शालाओं में रिक्तियों को भरने के लिए की जा रही है। भर्ती से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की जानकारी अभ्यर्थी आधिकारिक विज्ञापन में देख सकते हैं।

ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं। वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।

आवेदन की तारीख अलग से होगी घोषित

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि ब्लाइंड, डेफ और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का अवसर दिया जाएगा। इन अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की तारीख छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से जारी की जाएगी। इसलिए संबंधित अभ्यर्थियों को नई सूचना का इंतजार करना होगा।

भर्ती की बाकी शर्तें रहेंगी पहले जैसी

संशोधन के बाद भी 24 जुलाई 2026 को जारी सहायक शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन की बाकी सभी शर्तें और प्रावधान पहले की तरह लागू रहेंगे। पात्र अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक शुद्धि पत्र और भर्ती संबंधी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि पात्रता और आवेदन प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।