रायपुर

ढाई लाख का बकाया! रायपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की बिजली कटी, 100 MBBS छात्र परेशान

Raipur Medical College Hostel: रायपुर मेडिकल कॉलेज के अस्थायी हॉस्टल में ढाई लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने से कनेक्शन काट दिया गया। 100 MBBS छात्र दो दिन तक बिना बिजली के परेशान रहे, पानी सप्लाई भी प्रभावित हुई।
2 min read
Jun 27, 2026
Raipur Medical College Hoste
Raipur Medical College Hoste: रायपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की बिजली कटी(photo-patrika)

Raipur Medical College Hostel: छत्तीसगढ़ के रायपुर पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्थायी छात्रावास में बिजली संकट खड़ा हो गया है। बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण विद्युत विभाग ने हॉस्टल का कनेक्शन काट दिया। करीब ढाई लाख रुपये का बिल बकाया होने के चलते हुई इस कार्रवाई से हॉस्टल में रहने वाले लगभग 100 एमबीबीएस छात्रों को पिछले दो दिनों से बिना बिजली के रहना पड़ा। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से छात्रों की परेशानी बढ़ गई। इसके अलावा अन्य जरूरी सुविधाएं भी प्रभावित हुईं, जिससे छात्र काफी परेशान रहे।

Raipur Medical College Hostel: बिजली कटने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित

छात्रों ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह सामान्य बिजली कटौती है, लेकिन लंबे समय तक सप्लाई बहाल नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से संपर्क किया। जांच के बाद पता चला कि बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया था। बिजली बंद होने से हॉस्टल में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो गई, जिससे छात्रों को पीने के पानी और दैनिक जरूरतों के लिए परेशानी उठानी पड़ी।

आंदोलन के बाद किराए के भवन में शुरू हुआ था हॉस्टल

एमबीबीएस छात्रों के लिए स्थायी छात्रावास की सुविधा अभी तक पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी है। स्थायी हॉस्टल नहीं होने के कारण पिछले साल छात्रों ने आंदोलन किया था, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने शांति नगर स्थित एक भवन को किराए पर लेकर अस्थायी हॉस्टल की व्यवस्था की थी। फिलहाल प्रथम वर्ष से लेकर अंतिम वर्ष तक के करीब 100 छात्र इसी अस्थायी छात्रावास में रह रहे हैं।

तीन साल बाद भी अधूरा है स्थायी हॉस्टल का निर्माण

कॉलेज परिसर में नए छात्रावास का निर्माण करीब तीन साल पहले शुरू किया गया था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्रों को लंबे समय तक निजी मकानों में रहना पड़ा। बाद में शासन के निर्देश पर 120 सीट क्षमता वाले किराए के भवन में छात्रों के रहने की व्यवस्था की गई।

कॉलेज प्रबंधन ने दी सफाई, जल्द व्यवस्था सामान्य होने का दावा

अनुबंधित छात्रावास वार्डन डॉ. प्रशांत जायसवाल ने बताया कि अवकाश के कारण भवन मालिक समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर सके थे, जिसके कारण विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया। उन्होंने बताया कि अब बिल भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही बिजली समेत सभी सुविधाएं सामान्य हो जाएंगी। कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों को जल्द राहत मिलने का भरोसा दिलाया है।

Published on:
27 Jun 2026 01:37 pm