
Raipur Gang Rape Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकाया, जिसके डर से उसने करीब एक महीने तक परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बालिका अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। उस समय सहेली घर पर मौजूद नहीं थी। आरोप है कि वहां मौजूद उसके भाई और एक अन्य नाबालिग ने बालिका को अकेला पाकर उसके साथ अपराध किया। घटना के बाद आरोपियों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
आरोपियों की धमकी और डर के कारण बालिका ने घर लौटने के बाद किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। वह करीब एक महीने तक इस बात को छिपाए रही। बताया जा रहा है कि पीड़िता और दोनों आरोपियों के माता-पिता मजदूरी करते हैं और सुबह काम पर निकल जाते हैं। सभी एक ही आवासीय कॉलोनी में रहते हैं और आरोपियों का पीड़िता के परिवार के घर आना-जाना भी था।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बालिका की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने की शिकायत हुई। परिवार के लोगों ने जब उससे परेशानी की वजह पूछी, तो उसने अपनी मां को घटना के बारे में बताया। इसके बाद पीड़िता के परिजन उसे लेकर विधानसभा थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, मामले में हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी नाबालिग हैं। इनमें एक की उम्र 14 वर्ष और दूसरे की 16 वर्ष बताई गई है। एक आरोपी ने पढ़ाई छोड़ दी है, जबकि दूसरा नौवीं कक्षा में पढ़ता है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बाल न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।