रायपुर

रायपुर में बदमाशों का आतंक! युवक को बंधक बनाकर ATM से निकलवाए पैसे, एक गिरफ्तार

Raipur ATM robbery case: रायपुर के टिकरापारा इलाके में बदमाशों ने एक युवक को बंधक बनाकर ATM से जबरन 10 हजार रुपये निकलवा लिए। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर पूरी वारदात को अंजाम दिया, जिससे राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

2 min read
May 13, 2026
ATM robbery case Raipur(photo-AI)

ATM robbery case Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शहर में आए दिन मारपीट, लूट और धमकी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बनता जा रहा है। ताजा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है, जहां कुछ बदमाशों ने एक युवक को पहले रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर उसे जबरदस्ती बंधक बनाकर ATM तक ले गए। आरोपियों ने युवक को इतना डराया-धमकाया कि उसने मजबूरी में अपने खाते से 10 हजार रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। हैरानी की बात यह है कि बदमाशों ने ATM के अंदर भी युवक के साथ मारपीट की और पूरी वारदात को बेखौफ तरीके से अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें

Crime News: कपड़ा बेचने की आड़ में तस्करी, 12 आरोपी गिरफ्तार, 1 करोड़ से ज्यादा का गांजा पकड़ाया

ATM robbery case Raipur: पान ठेले पर शुरू हुआ विवाद

पीड़ित विशाल सोनकर, जो कुशालपुर का निवासी है और एक निजी कंपनी में काम करता है, 8 मई को टिकरापारा इलाके से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह साहू भवन के पास एक पान ठेले पर रुका। तभी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू (26) अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी।

जब युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद तीनों बदमाशों ने उसे जबरदस्ती उसकी ही मोपेड पर बैठाकर पास के ATM तक ले गए। इस दौरान युवक को लगातार धमकाया और डराया-धमकाया गया।

पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद पीड़ित विशाल सोनकर ने टिकरापारा थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ 5 से अधिक अपराध दर्ज हैं।

जिला बदर की तैयारी

आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा भी उच्च अधिकारियों को भेज दी है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध और बदमाशों के हौसले पर चिंता बढ़ा दी है।

Updated on:
13 May 2026 11:31 am
Published on:
13 May 2026 11:26 am
Also Read
View All