
कपडा बेचने की आड़ में गांजा तस्करी (Photo Patrika)
Crime News: रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कपड़ा फेरीवालों की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिले में की गई संयुक्त कार्रवाई में 378.060 किलो गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई में 11 वाहन, मोबाइल और अन्य सामान जब्त किए गए। पुलिस ने 12 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था।
आरोपी खुद को कपड़ा फेरीवाला बताकर गांव-गांव घूमते थे। मोटरसाइकिलों की पिछली सीट के पीछे लोहे की जाली वाला विशेष कम्पार्टमेंट बनाया गया था, जिसके ऊपर कपड़ों का ढेर रखा जाता था। बाहर से देखने पर कोई शक नहीं होता था, लेकिन भीतर गांजा छिपाकर सप्लाई की जा रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्र से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी थी। तकनीकी सूचना और लगातार नाकेबंदी के जरिए पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में मेताप टाटिया निवासी बोरानी खंडवा, मप्र, रमेश चौहान खेड़ी सावलीगढ़, बैतूल, मप्र, राजू कुमावत टाकिया बैतूल, मप्र, दीपक राजपूत निवासी ग्राम हसेंरा, ललितपुर, उप्र-मप्र बॉर्डर, प्रकाश बंजारा निवासी टपरा पठारी, रायसेन, मप्र, मोहम्मद रिहान निवासी अनूपपुर, मप्र, मनोज सिंह लहरपुर अनूपपुर, मप्र, चंद्रशेखर निवासी सेलू नागपुर, महाराष्ट्र, जितेंद्र यादेनकर निवासी सेलू, नागपुर, महाराष्ट्र, विकास एकनाथ सेलू नागपुर, महाराष्ट्र शामिल हैं। इन आरोपियों से 247 किलो गांजा, 7 मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन, गांजा छिपाने के लिए लोहे की 5 जालियां जब्त किए गए।
महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने ओडिशा सीमा से आ रही पांच मोटरसाइकिलों को रोककर जांच की। कपड़ों के पीछे बने गुप्त चैम्बर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने 215 किलो गांजा के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा अन्य कार्रवाई में 23 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी जांच नाके पर दो युवकों से 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
धमतरी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीन मोटरसाइकिलों को रोककर 131.005 किलो गांजा बरामद किया। यहां भी कपड़ों के पीछे विशेष कम्पार्टमेंट बनाकर गांजा छिपाया गया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश ओबनी (20) निवासी खेड़ीसमलीगढ़ थाना खेड़ी जिला बैतूल मध्यप्रदेश, दौलत सिंह (19) निवासी ग्राम टपरा पठारी थाना रायसेन जिला रायसेन मध्यप्रदेश और नाबालिग संघर्षरत बालक शामिल हैं। आरोपियों से 131 किलो गांजा, 3 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
Updated on:
12 May 2026 03:17 pm
Published on:
12 May 2026 12:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
