रायपुर

पुलिस के हत्थे चढ़ा ये नामी बदमाश, जिस पर है कई थानों में 22 मामले दर्ज

गुंडागर्दी और जुआ-सट्टे का कारोबार चला रहे अज्जू उर्फ अजय मोटवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई करने जा रही है

2 min read
Sep 10, 2017
Raipur police arrested vicious punk

रायपुर. पिछले कई साल से तेलीबांधा इलाके में गुंडागर्दी और जुआ-सट्टे का कारोबार चला रहे अज्जू उर्फ अजय मोटवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई करने जा रही है। आरोपी बंदूक दिखाकर लोगों से वसूली कर रहा था। आरोपी के खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात माना रोड में वीआईपी चौक पर तेलीबांधा निवासी अज्जू बंदूक और 5 जिंदा कारतूस लेकर घूम रहा था। वहां से गुजरने वालों को बंदूक दिखाकर धमकाता था और हप्ता वसूली कर रहा था। इसकी शिकायत लोगों ने पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

निगरानी बदमाश है आरोपी
आरोपी तेलीबांधा इलाके का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ तेलीबांधा और अन्य थानों में 22 प्रकरण दर्ज हैं। मारपीट, गुंडागर्दी, वसूली, जुआ-सट्टा और अन्य मामले दर्ज हैं। पिछले कई दिनों से आरोपी फरार चल रहा था। उसके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई करने की तैयारी है।

हथियार तस्करी से भी जुड़ा
आरोपी ने उसके पास बंदूक और कारतूस कहां से आए? इसका खुलासा नहीं किया है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी हथियार तस्करी से भी जुड़ा हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को ट्रक ड्राइवर से बंदूक खरीदने की जानकारी दे रहा है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी का हथियार तस्करों से संपर्क है। इसलिए कारतूस भी इतनी मात्रा में उसे मिल गया था।

इस मामले पर रायपुर तेलीबांधा थाना के टीआई राजेश बागड़े ने कहा कि हथियार तस्करी के मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। अज्जू पर अलग-अलग थानों में 22 अपराध दर्ज हैं।

Updated on:
10 Sept 2017 08:29 pm
Published on:
10 Sept 2017 08:27 pm
Also Read
View All