
रायपुर@हिमांशु शर्मा। Railway Luggage Checking: रेलवे की ओर से अतिरिक्त और ज्यादा लगेज लेकर जाने पर बुकिंग करने का नियम बनाया गया है जो जल्द ही लागू भी हो जाएगा। वहीं, वर्तमान में रेलवे स्टेशन में अब भी बिना बुक किए गए सामान की जांच के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। इससे सूटकेस, बैग, पिट्ठू बैग में यात्री क्या लेकर जा रहे हैं इसकी जानकारी नहीं मिल पाती है। स्टेशन में लाखों रुपए की स्कैनर मशीन लगी है, लेकिन इससे होने वाली जांच सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित है।
यात्री बिना बुक किए लगेज के साथ बेधड़क ट्रेनों में सफर कर रहे हैं। अनेक यात्री स्कैनर मशीन में बिना जांच के निकल जाते हैं, अब अंदर शराब की बोतल है, गांजा का पैकेट, या फिर नकली पनीर जैसे अवैध सामान? इसकी जांच का कोई सिस्टम ही नहीं है। 3 अगस्त और 5 अगस्त को स्टेशन पर 1500 किलो पनीर अवैध रूप से भेजते हुए पकड़ा गया है। अमृत भारत स्टेशन के तहत रायपुर स्टेशन का विकास किया जा रहा है तो वहीं नशे का सामान मिलने से इसकी छवि पर दाग लग रहा है।
रेलवे की ओर से टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें पिछले सिर्फ तीन माह में ही 150 यात्रियों को पकड़ा गया है। इनसे करीब 20 हजार रुपए की वसूली भी की गई है। जिसमें बिना बुक किए लगेज और अधिक लगेज लेकर सफर कर रहे लोग शामिल थे। वहीं ज्यादातर लोग बेचने के सामान को ट्रेन के गेट के पास रखकर एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक लेकर जाते हैं। इससे रेलवे को राजस्व का नुकसान होता है।
नियम के मुताबिक 35 से 70 किलो तक का सामान अलग-अलग कोच के अनुसार मुफ्त ले जाया जा सकता है। इससे अधिक वजन पर बुकिंग कराना जरूरी है। लेकिन अधिकांश यात्री बिना बुकिंग के ही अतिरिक्त सामान ले जाते हैं। इससे रेलवे को राजस्व का नुकसान हो रहा है। साथ ही अवैध सामान की तस्करी का खतरा भी बना हुआ है।