
Ring Road accidents: रिंग रोड पर लगातार हो रहे हादसों और पांच साल में 100 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद अब सर्विस रोड चौड़ीकरण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। सरोना से लाभांडी तक सर्विस रोड दोनों तरफ 100 मीटर चौड़ी करने व अवैध कब्जा हटाने के लिए टेंडर जारी किया गया है। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक 28 अक्टूबर को टेंडर खुलेगा।
टेंडर जारी होने के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती काम समय पर शुरू कर पूरा कराने की होगी। पत्रिका ने ग्राउंड रिपोर्ट में पाया कि रिंग रोड पर सरोना से लाभांडी तक कई जगह सर्विस रोड की स्थिति खराब है। तेलीबांधा से वीआईपी चौक के बीच खतरनाक कट और खराब ट्रैफिक सिग्नल दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ा रहे हैं। सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर हटाने का काम भी अब तक अधूरा है।
शनिवार को सड़क हादसे में एक और व्यक्ति की मौत ने इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब नजर टेंडर के बाद काम की शुरुआत पर है। सर्विस रोड चौड़ीकरण के साथ खतरनाक कटों में सुधार, सिग्नल दुरुस्तीकरण नहीं होने की वजह से खतरा बढ़ता जा रहा है।
लाभांडी से सरोना तक 40 फीट की सर्विस रोड की स्थिति ऐसी है कि यह सड़क कहीं 10 फीट तो कहीं 15 फीट हो चुकी है। अवैध कब्जे की वजह से वाहन चालकों को मजबूरी में मेन लेन पर चलना पड़ रहा है। सुंदरनगर चौक के पास टोल प्लाजा के लिए 10 साल पहले बनाया गया स्ट्रक्चर ही नहीं हटाया जा सका है। रायपुरा चौक से आगे सरोना मार्ग पर सर्विस रोड में होटल, दुकान, शो-रूम से लेकर गैरेज मालिकों ने कब्जा कर रखा है। यह स्थिति तेलीबांधा, भाठागांव, संतोषी नगर, न्यू राजेंद्र नगर में भी देखने को मिल रही है।
मुंबई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-53, रिंग रोड नं.1 में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सरोना से लाभांडी के बीच सर्विस लेन के चौड़ीकरण की परियोजना को फरवरी में मंजूरी दे दी थी। लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से 14.25 किलोमीटर लंबाई में दोनों ओर के सर्विस लेन की चौड़ाई 10-10 मीटर किया जाना प्रस्तावित है। सर्विस लेन के चौड़ीकरण से लाभांडी, तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर, भाठागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड और सरोना जैसे हाईवे से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी। अभी इस मार्ग पर चौबीसों घंटे भारी वाहनों का दबाव रहता है और अक्सर जाम की स्थिति बनती है।
वर्जन…
रिंग रोड नं.1 सर्विस रोड चौड़ीकरण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। यह टेंडर 28 अक्टूबर को खुलेगा। लाभांडी से सरोना तक सर्विस रोड 10-10 मीटर चौड़ीकरण प्रस्तावित है।