Summer Camp 2026: गर्मियों की छुट्टियों के दौरान विद्यार्थियों के लिए समर कैंप आयोजित करने के निर्देश सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किए हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना और उनकी प्रतिभा को निखारना है।
Summer Camp 2026: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों के लिए समर कैंप आयोजित करने के निर्देश सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किए हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना और उनकी बहुमुखी प्रतिभा को निखारना है। समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने के नए अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देशित किया है कि वे इस कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करें और बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
निर्देशों के अनुसार समर कैंप का आयोजन स्कूलों या गांव-शहर के सामुदायिक स्थलों पर किया जा सकेगा। कैंप का संचालन प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 9:30 बजे तक किया जाएगा, ताकि बच्चों की नियमित दिनचर्या प्रभावित न हो और वे अवकाश का बेहतर उपयोग कर सकें।
समर कैंप में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें चित्रकला, गायन-वादन, नृत्य, निबंध लेखन, कहानी लेखन, हस्तलिपि सुधार, खेलकूद और स्थानीय इतिहास से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा जिला और स्कूल स्तर पर अन्य रचनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं।
कैंप के दौरान कला एवं रचनात्मक क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने की व्यवस्था की जा सकती है। साथ ही बच्चों को औद्योगिक संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य प्रमुख संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जा सकेगा।
समर कैंप में स्कूल शिक्षकों और पालकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम शुरू करने से पहले शाला विकास समिति और पालक-शिक्षक समिति की सहमति लेना अनिवार्य होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह समर कैंप पूर्णतः स्वैच्छिक रहेगा और इसके लिए कोई अलग बजट उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय संसाधनों और जनसहयोग के माध्यम से किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने अधिकारियों और शिक्षकों से अपील की है कि वे ग्रीष्मावकाश को बच्चों के सीखने और उनकी प्रतिभा को निखारने के अवसर के रूप में उपयोग करें और सभी गतिविधियों की जानकारी विभाग को समय-समय पर उपलब्ध कराएं।