रायपुर

दीवान-पलंग के बाद रजककार बोर्ड में एक और खुलासा, सचिव ने अपने खाते में ट्रांसफर कराए 8037 रुपए

Raipur News: छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड में वित्तीय अनियमितता का एक और मामला सामने आया है। दीवान-पलंग की खरीदी के बाद अब बोर्ड के सचिव रमाकांत मिश्रा के निजी बैंक खाते में 8037 रुपए ट्रांसफर करने का मामला उजागर हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 2:46 PM IST
Chhattisgarh News
रजक- कार विकास बोर्ड में दीवान पलंग (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@अजय रघुवंशी। Chhattisgarh Rajakaar Board: छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड, रविनगर में ऐशो-आराम के लिए दीवान-पलंग की खरीदी के बाद अब सरकारी राशि के भुगतान का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें बोर्ड के सचिव ने अपने निजी बैंक खाते में भुगतान करने के लिए खुद ही बैंक को पत्र जारी किया। मामला सचिव रमाकांत मिश्रा द्वारा जनवरी 2026 में अपने निजी वाहन का उपयोग शासकीय प्रयोजन के कार्यों के लिए किए जाने से जुड़ा है। इसके एवज में उन्हें स्वयं के खाते में 8037 रुपए का भुगतान के लिए बैंक को चिठ्ठी लिखी।

इस राशि को व्यक्तिगत बैंक खाते में आरटीजीएस/एनईएफटी के माध्यम से भेजने के लिए बोर्ड की ओर से 2 फरवरी 2026 को यूको बैंक, तेलीबांधा शाखा के प्रबंधक को पत्र लिखा गया। इस मामले पर जब उनसे बात की गई तो उन्होने इसकी जिम्मेदारी अध्यक्ष के ऊपर डाल दी। इसके पहले अध्यक्ष ने भी अपने खाते में सरकारी धन ट्रांसफर कराया था। पत्रिका के पास मौजूद आरटीआई के दस्तावेजों के आधार पर जब सचिव से पूरे मामले पर सवाल पूछा गया तो वे जवाब नहीं दे पाए।

अध्यक्ष की अनुमति से स्वीकृत बताया

बोर्ड के पत्र क्रमांक 396/रजक.वि.बो./2025-26 में भुगतान की पूरी प्रक्रिया का उल्लेख है। इसमें सचिव रमाकांत मिश्रा के नाम से 8037 रुपए की राशि ट्रांसफर करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए चेक क्रमांक 000146 का हवाला भी दिया गया है। पत्र में भुगतान को अध्यक्ष की अनुमति से स्वीकृत बताया गया है।

खास बात यह है कि सरकारी प्रयोजन के लिए निजी वाहन के इस्तेमाल के एवज में होने वाला भुगतान संबंधी दस्तावेज में बैंक का नाम, लाभार्थी का नाम, खाता संबंधी विवरण और भुगतान की राशि भी दर्ज है।

सचिव बोले- मैं नहीं, अध्यक्ष बता पाएंगे (सचिव की फोटो)

पूरे मामले पर जब बोर्ड के सचिव रमाकांत मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मैं इस बारे में कुछ नहीं बता पाऊंगा, इस बारे में अध्यक्ष महोदय बता पाएंगे। जब अध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सचिव बता पाएंगे। दरअसल बोर्ड (Chhattisgarh Rajakaar Board) में अनियमितता को लेकर अध्यक्ष और सचिव दोनों की भूमिका संदिग्ध है। दोनों ही अपने ऊपर लग रहे आरोपों को एक-दूसरे पर मढ़ना शुरू कर दिया है। आरटीआई से मिले दस्तावेजों से हुए खुलासे के बाद बोर्ड के अध्यक्ष और सचिव पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय के उच्च अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली है।

Updated on:
21 Nov 2026, 2:46 PM IST
Published on: