रायपुर

राजिम में बने 33 करोड़ के लक्ष्मण झूले पर मंडराया संकट, चार साल में उखड़ने लगा रंग-रोगन

Laxman Jhula in Rajim: राजिम में 33 करोड़ रुपए की लागत से बने लक्ष्मण झूले की हालत खराब होने लगी है। पुल के लोहे में जंग लग रही है और चार साल में ही रंग-रोगन उखड़ने लगा है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 1:29 PM IST
Laxman Jhula in Rajim:
राजिम का लक्ष्मण झूला (photo Patrika)

Laxman Jhula in Rajim: त्रिवेणी संगम की पहचान और छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला विभागीय अनदेखी का शिकार हो रहा है। लगभग 33.12 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस 610 मीटर लंबे और 3.25 मीटर चौड़े सस्पेंशन ब्रिज के लोहे के एंगल्स पर जगह-जगह जंग लगने लगी है। वहीं सुरक्षा दीवारों पर की गई पुताई भी उखडक़र पपड़ी बनकर गिर रही है।1 मार्च 2022 को महाशिवरात्रि के अवसर पर तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस बहुप्रतीक्षित पुल का लोकार्पण किया था। लोकार्पण के चार वर्षों के भीतर ही पुल की यह हालत विभागीय देखरेख की पोल खोल रही है।

गैरजिम्मेदाराना हरकतें धरोहर को नुकसान पहुंचा रही

विभागीय लापरवाही के साथ-साथ कुछ लोगों की गैरजिम्मेदाराना हरकतें भी इस धरोहर को नुकसान पहुंचा रही हैं। पुल से गुजरने वाले असामाजिक तत्व गुटखा और पान खाकर लोहे की रेलिंग और दीवारों पर थूक रहे हैं। गेरुआ रंग की दीवारों पर जगह-जगह पड़े लाल धब्बों से पुल की सूरत बिगड़ रही है। धार्मिक व पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्थल पर निगरानी और नियमित सफाई का नितांत अभाव दिखाई दे रहा है।

विभागीय उलझन में अटका मेंटेनेंस

मामले में जल संसाधन विभाग गरियाबंद के अधीक्षण अभियंता एस. के. बर्मन ने बताया कि पुल की देखरेख फिलहाल रायपुर स्तर से संचालित हो रही है। निर्माण के तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं, इसलिए अब स्थानीय फील्ड विभाग को इसका मेंटेनेंस संभालना है। जहां पेंट की आवश्यकता है, वहां काम कराया जाएगा और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को भेज दी जाएगी।

श्रद्धालुओं के लिए संपर्क का मुख्य जरिया

यह पुल महानदी, पैरी और सोढूर के पवित्र संगम पर गरियाबंद जिले को धमतरी जिले से जोड़ता है। वर्षाकाल में जब नदियां उफान पर होती हैं और संगम क्षेत्र में आवागमन ठप हो जाता है, तब यह झूला श्रद्धालुओं को पंचमुखी कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक पहुंचाने का एकमात्र सुरक्षित जरिया बनता है। भगवान श्री राजीवलोचन और कुलेश्वरनाथ महादेव के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यह झूला मुख्य आकर्षण का केंद्र है। हाल ही में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु मोहित, राजू, भीष्म, दीप्ति, सुरेखा, राधिका और रश्मि ने पुल की हालत पर चिंता जताई। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द जंग लगे हिस्सों का उपचार कराए और पुल का पुन: रंग-रोगन कर स्वच्छता बनाए रखने के कड़े इंतजाम करे।

Updated on:
12 Nov 2026, 1:29 PM IST
Published on: