रायपुर

Public Holiday: रक्षाबंधन की छुट्टी में बड़ा बदलाव, 28 अगस्त को बैंक-कोषालय भी रहेंगे बंद, जानें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

Raksha Bandhan Holiday: रक्षाबंधन पर छत्तीसगढ़ में बैंक और कोषालय बंद रहेंगे। राज्य सरकार ने 28 अगस्त की छुट्टी को सामान्य से सार्वजनिक अवकाश में बदल दिया है। जानें राखी बांधने का शुभ मुहूर्त।
2 min read
Aug 19, 2026
holiday
रक्षाबंधन पर बैंक-कोषालय रहेंगे बंद (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Public Holiday: रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 28 अगस्त को छत्तीसगढ़ में कोषालयों और बैंकों के लिए सार्वजनिक अवकाश रहेगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही 28 अगस्त को लेकर पहले जारी आदेश में भी बदलाव किया गया है।

राज्य सरकार ने पहले इस दिन के लिए सामान्य अवकाश घोषित किया था, लेकिन अब इसे सार्वजनिक अवकाश में परिवर्तित कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद रक्षाबंधन के दिन प्रदेश के कोषालय और बैंक बंद रहेंगे। सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday) घोषित किए जाने से बैंकिंग और कोषालय से जुड़े कामकाज प्रभावित रहेंगे, इसलिए लोगों को अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटाने की सलाह दी जा सकती है।

उदया पूर्णिमा तिथि में मनेगा भाई-बहन के प्रेम का पर्व

सावन मास की पूर्णिमा तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है। घरों से लेकर बाजारों तक में रौनक बढ़ रही है। वहीं, भोलेबाबा का अभिषेक-पूजन से भक्ति और उत्साह का माहौल है। पंडितों के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा जैसी बाधा नहीं रहेगी। क्योंकि यह 27 अगस्त को ही समाप्त हो जाएगी। परंतु पूर्णिमा तिथि सुबह 9.48 बजे तक होने से उदयातिथि यानी कि 28 अगस्त को भाई-बहन का पवित्र त्योहार मनेगा।

रक्षाबंधन को लेकर बाजार सज चुके हैं। अनेक प्रकार की राखियों के साथ ही गिफ्ट की खरीदारी बढ़ती जा रही है। सावन मास की पूर्णिमा तिथि पर जहां घर-घर भाई-बहनों की खिलखिलाहट गूंजेगी। वहीं शिवालयों में हवन-पूजन से स्वाहा.. की गूंज, भोग भंडारे की धूम रहेगी। इसके साथ ही सावन मास का समापन होगा। मां महामाया मंदिर रायपुर के ज्योतिषी पंडित मनोज शुक्ला महाराज एवं संस्कृत भाषा के प्रचारक धर्मशास्त्री पंडित चन्द्रभूषण शुक्ला महाराज ने बताया कि रक्षाबंधन के लिए 28 अगस्त को दिनभर पूर्णिमा तिथि मान्य है। इसलिए किसी भी समय राखी बांधना शुभ होगा।

चौघड़िया मुहूर्त विशेष

रक्षाबंधन 28 अगस्त शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दिन पूर्णिमा तिथि सुबह 9.48 बजे समाप्त होगी। लेकिन पूर्णिमा उदया तिथि पर होने से भद्रा रहित है। चौघडिय़ा मुहूर्त के अनुसार लाभ सुबह 7.57 से 9.31 तक फिर अमृत चौघडिय़ा सुबह 9.30 से 11. 05 तक है। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12.14 से 12.50 तक है।

राहुकाल में 1 घंटा 35 मिनट का ब्रेक

पंडित मनोज शुक्ल के अनुसार राहुकाल का ब्रेक बीच में पड़ रहा है। जो सुबह 11.05 से दोपहर 12.40 तक रहेगा। इस दौरान राखी बांधने से बचना चाहिए। इस वर्ष भद्रा 27 अगस्त की रात में समाप्त हो जाएगी।

अगस्त से दिसंबर 2026 तक प्रमुख पर्वों की तारीखें

  • 28 अगस्त - रक्षाबंधन
  • 4 सितंबर - श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
  • 14 सितंबर - गणेश चतुर्थी एवं हरतालिका तीज
  • 25 सितंबर -अनंत चतुर्दशी
  • 11 अक्टूबर - शारदीय नवरात्र प्रारंभ (घटस्थापना)
  • 19 अक्टूबर - दुर्गा महानवमी
  • 20 अक्टूबर - दशहरा
  • 29 अक्टूबर - करवा चौथ
  • 6 नवंबर - धनतेरस
  • 8 नवंबर - नरक चतुर्दशी
  • 9 नवंबर - दीपावली
  • 10 नवंबर - गोवर्धन पूजा
  • 11 नवंबर - भाई दूज
  • 25 दिसंबर - क्रिसमस
Updated on:
19 Aug 2026 08:05 am
Published on:
19 Aug 2026 07:59 am