
बारिश। फोटो: पत्रिका
CG Weather Update: कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। अवदाब के असर से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। दुर्ग जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 44.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। मध्य छत्तीसगढ़ के दुर्ग समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर के अनुसार, दुर्ग में सुबह 8.30 बजे तक 38.4 मिमी और शाम 5.30 बजे तक 6.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते दुर्ग का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान दुर्ग प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
पिछले 24 घंटे में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। अंबिकापुर में सर्वाधिक 98.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राजनांदगांव में 30.8 मिमी, जगदलपुर में 14.6 मिमी, बिलासपुर में 5.6 मिमी और पेंड्रारोड में 4 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम है।
बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की गई है।
राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटे के दौरान 64 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले में अब तक कुल 756.6 मिमी पानी गिर चुका है, जो कि सामान्य औसत से 10 फीसदी ज्यादा है। वहीं, अगर पूरे प्रदेश की बात करें तो अब तक औसतन 717.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जिसे सामान्य माना जा रहा है। राजधानी में सोमवार को दिनभर झड़ी जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि, दोपहर के बाद बारिश कुछ समय के लिए रुकी। मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक शहर में महज 6 मिमी पानी गिरा, जबकि इससे पहले बीती रात ही 58 मिमी बारिश रेकॉर्ड की जा चुकी थी।
Updated on:
19 Aug 2026 07:24 am
Published on:
19 Aug 2026 07:23 am
