Breaking News: सिंप्लेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह ने पुलिस अधिकारी विशाल सोन पर ब्लैकमेलिंग कर कंपनी की चल-अचल संपत्ति को हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
Sangeeta Ketan Shah Case: दुर्ग जिले में जमीन सौदे से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सुपेला थाना पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर सिंप्लेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। वहीं दूसरी ओर संगीता शाह ने दंतेवाड़ा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (DSP) विशाल सोन पर ब्लैकमेलिंग, साजिश और कंपनी की संपत्तियां हड़पने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि मामले में संगीता शाह और उनके पति की गिरफ्तारी की संभावना भी बनी हुई है। इसी बीच यह विवाद अब राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया में भी चर्चा का विषय बन गया है।
सिम्पलेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर संगीता केतन शाह ने अखबार में एक “आम सूचना” जारी कर DSP विशाल सोन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। संगीता शाह का कहना है कि विशाल सोन वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विशाल सोन ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए अपने परिचित लोगों के साथ मिलकर उनकी कंपनी की चल-अचल संपत्तियों को हड़पने की साजिश रची और उन्हें ब्लैकमेल किया।
संगीता शाह के अनुसार, वर्ष 2013-14 में विशाल सोन दुर्ग जिले के विभिन्न थानों में थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ थे। इसी दौरान उनकी पहचान संगीता शाह और उनकी कंपनी के अधिकारियों से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत में उन्हें विशाल सोन की मंशा का अंदाजा नहीं था, लेकिन बाद में उन्होंने राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का इस्तेमाल कर खुद को भाजपा से जुड़ा प्रभावशाली व्यक्ति बताना शुरू कर दिया। संगीता शाह का कहना है कि विशाल सोन ने उन्हें वैशाली नगर विधानसभा सीट से भाजपा टिकट दिलाने का भरोसा दिलाया था।
संगीता शाह ने आरोप लगाया कि विशाल सोन ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें और कथित कॉल रिकॉर्ड दिखाकर उन पर विश्वास जमाया। इसके बाद टिकट दिलाने के नाम पर उनसे पैसे लिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान विशाल सोन ने फर्जी मेडिकल लीव लेकर चुनाव संचालन और प्रचार-प्रसार में भाग लिया, जो कि सेवा नियमों के विरुद्ध है। संगीता शाह का दावा है कि विशाल सोन उनके साथ चुनाव प्रचार में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
आम सूचना में संगीता शाह ने कहा कि विशाल सोन कंपनी में लगातार आने-जाने के कारण उसके आंतरिक मामलों और विवादों से परिचित हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि DSP ने इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए कंपनी के विवाद सुलझाने का भरोसा दिया और बाद में जमीन कारोबारियों, सिविल ठेकेदारों, पुलिस अधिकारियों तथा अन्य परिचित लोगों के साथ मिलकर कंपनी की संपत्तियों को विवादित करना शुरू कर दिया।
संगीता शाह के मुताबिक पुलगांव स्थित भूमि, कोहका-जुनवानी की जमीन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, कंपनी वाहनों समेत अन्य चल-अचल संपत्तियों को योजनाबद्ध तरीके से विवादों में फंसाया गया ताकि उन पर कब्जा किया जा सके।
संगीता शाह ने कहा कि उन्हें जब इस कथित साजिश की जानकारी मिली तो उन्होंने 6 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक के समक्ष विस्तृत शिकायत भी प्रस्तुत की थी। हालांकि, उनका आरोप है कि शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि विशाल सोन की पहचान बड़े अधिकारियों, नेताओं और मंत्रियों से होने के कारण मामला दबाया गया। संगीता शाह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें कंपनी बंद करवाने और सड़क पर लाने जैसी धमकियां दी गईं।
संगीता शाह ने अपने बयान में आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारी भी विशाल सोन का सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें परिवार से अलग करने और कंपनी की संपत्तियां हड़पने की कोशिश की जा रही है।
दूसरी ओर सुपेला थाना में दर्ज FIR में संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह पर जमीन सौदे में कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि ग्राम कोहका स्थित विवादित जमीन को विवादमुक्त बताकर करीब 50 लाख रुपये में सौदा किया गया। इसमें 10 लाख रुपये एडवांस भी लिए गए, लेकिन बाद में जमीन की रजिस्ट्री करने से मना कर दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप है कि उसी जमीन पर बाद में लगभग 4.5 करोड़ रुपये का लोन ले लिया गया।
कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ IPC की धारा 420, 467, 468, 471 और 120B समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
मामला सामने आने के बाद संगीता शाह और उनके पति के कई राजनीतिक नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल Media में वायरल हो रही हैं। जानकारी के अनुसार संगीता शाह पिछले विधानसभा चुनाव में वैशाली नगर सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं।